नासिक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) यूनिट से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न और मतांतरण मामले की मुख्य आरोपी निदा खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे गुरुवार को छत्रपति संभाजीनगर से पकड़ा गया, जहां वह पिछले कई दिनों से छिपी हुई थी।
नासिक पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी छत्रपति संभाजीनगर पुलिस के सहयोग से की गई और अब उससे आगे की पूछताछ की जा रही है। यह मामला तब सामने आया था जब टीसीएस की नासिक यूनिट में महिला कर्मचारियों के कथित शोषण, जबरन मतांतरण के प्रयास, छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगे थे। इसके बाद नासिक पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए कुल नौ प्राथमिकी दर्ज की थीं और इस मामले में आठ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद निदा खान फरार हो गई थी और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इस दौरान उसने नासिक कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर कर गिरफ्तारी से राहत की मांग की थी, जिसमें उसने गर्भवती होने का हवाला दिया था। हालांकि अदालत ने उसे कोई अंतरिम राहत नहीं दी थी।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों पर कंपनी के भीतर संगठित तरीके से गतिविधियां चलाने का आरोप है। बताया गया है कि जुलाई 2022 से फरवरी 2026 के बीच पीड़िताओं पर दबाव बनाकर उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के प्रयास किए गए।
Comments are closed.