मिलनाडु राजनीति में बड़ा बयान: विजय बोले, DMK-AIADMK साथ आए तो TVK विधायक छोड़ेंगे सीट

1

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है।

तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि अगर डीएमके या एआईएडीएमके सरकार बनाने की कोशिश करती हैं, तो पार्टी के सभी 108 विधायक सामूहिक इस्तीफा दे देंगे।

टीवीके का आरोप है कि सबसे अधिक सीटें हासिल करने के बावजूद उसे सरकार बनाने का अवसर नहीं दिया जा रहा है। पार्टी ने डीएमके और एआईएडीएमके पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे राजनीतिक रूप से अलग-थलग करने की कोशिश की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल आर.वी. आर्लेकर ने आज सुबह टीवीके नेता विजय को फिलहाल बहुमत साबित करने से रोकते हुए कहा कि उनके पास पर्याप्त समर्थन नहीं है। राज्यपाल ने पार्टी से 118 विधायकों के समर्थन का प्रमाण पेश करने को कहा है। टीवीके को अभी कांग्रेस के पांच विधायकों का समर्थन मिला है, जबकि पार्टी अन्य छोटे दलों से बातचीत कर रही है और कानूनी विकल्प भी तलाश रही है।

इधर डीएमके ने अपनी अहम बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए हैं, जिनमें पार्टी प्रमुख एम.के. स्टालिन को आपातकालीन निर्णय लेने की पूरी छूट दी गई है। पार्टी के भीतर इस बात पर भी चर्चा चल रही है कि क्या डीएमके के समर्थन से एआईएडीएमके नेता ई. पलानीस्वामी को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि इस संभावित गठबंधन को लेकर पार्टी में असहमति भी सामने आई है।

एआईएडीएमके ने फिलहाल किसी भी गठबंधन से दूरी बनाते हुए “देखो और इंतजार करो” की रणनीति अपनाई है। ई. पलानीस्वामी ने विधायकों की बैठक में साफ किया कि टीवीके के साथ किसी तरह की साझेदारी या राजनीतिक समझ की संभावना नहीं है।

राज्यपाल के फैसले को लेकर विपक्षी दलों में नाराजगी है। सीपीआई ने मांग की है कि सबसे बड़ी पार्टी को बहुमत साबित करने का अवसर दिया जाए। वहीं वीसीके नेता थोल थिरुमावलवन और अभिनेता कमल हासन ने भी टीवीके और विजय के समर्थन में बयान दिया है।

Comments are closed.