पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार के गठन से पहले प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर बदलावों के संकेत दिखाई देने लगे हैं।
इसी बीच कोलकाता पुलिस के आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल में हुए बदलाव ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कोलकाता पुलिस ने अपने आधिकारिक अकाउंट से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी समेत कुछ अन्य नेताओं को अनफॉलो कर दिया है। इसके साथ ही अकाउंट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और गृह मंत्रालय (MHA) के आधिकारिक हैंडल को फॉलो किया जाने लगा है।
इस डिजिटल बदलाव को राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद प्रशासनिक रुख में बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, खबरें यह भी हैं कि तृणमूल कांग्रेस मुख्यालय और पार्टी नेताओं के कुछ आवासों से अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था हटाई गई है।
उधर, भाजपा ने सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का नया मुख्यमंत्री चुना है। शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया। सुवेंदु अधिकारी आज कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
भाजपा की इस जीत को पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन हुआ है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने अभी तक इन घटनाक्रमों पर औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
Comments are closed.