US को बड़ा नुकसान! 24 घंटे में 2 फाइटर जेट क्रैश, ईरान ने हेलीकॉप्टर भी किए टारगेट

1

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी टकराव अब बेहद संवेदनशील और खतरनाक चरण में पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में ईरान की ओर से किए गए हमलों ने हालात को और बिगाड़ दिया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने अमेरिकी वायुसेना के F-15E स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमान को निशाना बनाया। इस घटना में विमान में सवार दो क्रू मेंबर्स में से एक को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि दूसरा अब भी लापता है। उसकी तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि बचाव अभियान में अमेरिकी विशेष बल जुटे हुए हैं, लेकिन लापता सदस्य का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

इसी दौरान एक और घटना में अमेरिकी A-10 वारथॉग अटैक एयरक्राफ्ट पर भी हमला किया गया। भारी फायरिंग के बाद यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, हालांकि पायलट किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा। लापता पायलट की तलाश के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन पर भी खतरा बना रहा। खोज में जुटे दो ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टरों को भी ईरान ने निशाना बनाया। हालांकि, दोनों हेलीकॉप्टर सुरक्षित क्षेत्र में लौटने में सफल रहे।

इस बीच, ईरान की ओर से एक बड़ा ऐलान भी सामने आया है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, लापता अमेरिकी पायलट को पकड़ने वाले के लिए इनाम की घोषणा की गई है। साथ ही दुश्मन सैनिकों को पकड़ने या मार गिराने वालों को पुरस्कृत करने की बात भी कही गई है।

वहीं, अमेरिकी पक्ष का कहना है कि यह युद्ध जैसी स्थिति है और इन घटनाओं का संभावित बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। लगातार बढ़ती सैन्य गतिविधियों के बीच क्षेत्र में तनाव चरम पर है, और आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

Comments are closed.