UP में बारिश-आंधी का कहर: 60 घंटे में 56 मौतें, 1,021 मकान क्षतिग्रस्त; 46 घायल
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी है। बीते 60 घंटों में अतिवृष्टि और खराब मौसम के कारण राज्य में 56 लोगों की मौत हुई है, जबकि 46 लोग घायल हुए हैं। इस दौरान 107 पशुओं की भी जान गई और 1,021 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। प्रभावित जिलों में राहत और बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने रविवार को प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों और अपर जिलाधिकारियों से बात कर राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव अभियान तेज करने और प्रभावित परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।
25 से 27 सितंबर तक सामान्य से 775% ज्यादा बारिश
राहत आयुक्त के अनुसार, 25 सितंबर से 27 सितंबर की सुबह तक प्रदेश में 66.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में सामान्य बारिश 7.6 मिमी होती है। इस तरह राज्य में बारिश सामान्य से करीब 775 फीसदी अधिक रही।
प्रदेश के 75 जिलों में से 56 जिलों में अत्यधिक बारिश दर्ज की गई। फर्रूखाबाद में सामान्य से 7,385 फीसदी, कन्नौज में 5,664 फीसदी, शाहजहांपुर में 4,408 फीसदी, हमीरपुर में 4,240 फीसदी और महोबा में 4,100 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।
सीतापुर में सबसे ज्यादा 7 मौतें
आंधी-तूफान और अतिवृष्टि से हुई जनहानि में सीतापुर में सात लोगों की मौत हुई है। लखीमपुर खीरी, बहराइच और बलरामपुर में पांच-पांच, जबकि अयोध्या और गोरखपुर में चार-चार मौतें दर्ज की गई हैं।
हरदोई में 272 मकान क्षतिग्रस्त
मकानों को हुए नुकसान में हरदोई सबसे अधिक प्रभावित है, जहां 272 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। सीतापुर में 108, चंदौली में 75, औरैया में 60, गोंडा में 54, हमीरपुर में 51, शाहजहांपुर में 47 और बहराइच में 44 मकानों को नुकसान पहुंचा है।
राहत आयुक्त ने जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानने और आवश्यक सहायता तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।
Comments are closed.