बोलीविया के सैन्य अड्डे में भीषण धमाका, हादसे में 10 की मौत और 62 घायल

2

बोलिविया के वियाचा स्थित एक सैन्य बैरक में शुक्रवार को हुए जोरदार विस्फोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 62 लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह सैन्य परिसर राजधानी ला पाज से करीब 30 किलोमीटर दूर है।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। जिस परिसर में धमाका हुआ, वहां आतिशबाजी का सामान रखा गया था। शुरुआती जानकारी में कहा गया है कि विस्फोट रक्षा मंत्रालय के पटाखों के भंडार से शुरू हुआ। हालांकि, धमाके की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

10 से 15 लोगों की मौत की आशंका

वियाचा की स्वास्थ्य निदेशक रीता नेब्रास्का ने स्थानीय टीवी को बताया कि मृतकों की संख्या 10 से 15 तक पहुंच सकती है। उन्होंने 62 लोगों के घायल होने की पुष्टि की।

घायलों में से 14 को बेहतर इलाज के लिए ला पाज के अस्पतालों में भेजा गया है। इनमें एक लड़की भी शामिल है, जो थर्ड-डिग्री बर्न से गंभीर रूप से झुलसी है।

धमाका इतना शक्तिशाली था कि सैन्य परिसर के आसपास स्थित कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। इससे इलाके में संपत्ति को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

एक और विस्फोट का खतरा

हादसे के बाद सैन्य परिसर में एंबुलेंस, मेडिकल टीमें और पुलिस बल तैनात किए गए हैं। राहत और बचाव दल घायलों को निकालने के साथ घटनास्थल का जायजा ले रहे हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

अधिकारियों ने इलाके में एक और विस्फोट की आशंका जताई है। रीता नेब्रास्का के मुताबिक, अग्निशमन दल ने घटनास्थल पर अभी भी एक हीट सोर्स मौजूद होने की चेतावनी दी है।

खतरे को देखते हुए स्थानीय लोगों से घटनास्थल से कम से कम 150 मीटर दूर रहने की अपील की गई है। सुरक्षा बल और राहत दल स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Comments are closed.