दिल्ली में BRICS Summit की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, लेकिन शुक्रवार की बारिश ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी।
जलभराव और खराब ड्रेनेज ने एक बार फिर राजधानी की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए। लुटियंस दिल्ली से लेकर यमुनापार और बाहरी दिल्ली तक कई इलाकों में सड़कें पानी में डूबी नजर आईं, जिससे यातायात की रफ्तार भी प्रभावित हुई।
लुटियंस दिल्ली में फिर भरा पानी
बारिश के दौरान इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लेकर लुटियंस दिल्ली के कई हिस्सों में पानी जमा हो गया। बारिश थमने के बाद NDMC की टीमें जल निकासी में जुट गईं और कई स्थानों से पानी हटाया गया।
जन्माष्टमी की छुट्टी के कारण सड़कों पर यातायात अपेक्षाकृत कम था, इसलिए बड़े जाम की स्थिति नहीं बनी। हालांकि, जलभराव के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी रही।
बाबा खड़ग सिंह मार्ग और कनॉट प्लेस में भी पानी भर गया। कनॉट प्लेस में कुछ दिन पहले ही जलभराव को लेकर NDMC चेयरमैन ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। शुक्रवार को दोबारा पानी जमा होने से व्यवस्था पर सवाल उठे। कुछ दुकानों में भी पानी घुस गया।
BRICS Summit से पहले बढ़ी चिंता
BRICS Summit में विदेशी प्रतिनिधियों की मौजूदगी को देखते हुए बारिश के बाद बने हालात ने एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। अधिकारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह सुनिश्चित करना है कि सम्मेलन के दौरान बारिश होने पर प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थलों के आसपास जलभराव न हो।
मध्य दिल्ली में कनॉट प्लेस और पंत मार्ग के अलावा ITO, सदर बाजार और चांदनी चौक के कई हिस्सों में भी पानी जमा हुआ।
बाहरी दिल्ली में नालों ने बढ़ाई परेशानी
बाहरी दिल्ली में भी बारिश का असर व्यापक रहा। किराड़ी के मुबारकपुर रोड और 70 फुट रोड समेत कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। प्रेम नगर-2, निठारी और अगर नगर में जल निकासी बाधित होने से नाले ओवरफ्लो हो गए।
कई जगह नालों की गाद पानी के साथ सड़क पर आ गई। स्थानीय लोगों को खुद ही गाद हटाते देखा गया। जहांगीरपुरी, मंगोलपुरी, शाहबाद डेयरी, कराला, रानीखेड़ा, मदनपुर डबास और मुंडका में भी जलभराव ने यातायात प्रभावित किया।
यमुनापार में भी सड़कें जलमग्न
यमुनापार के कई हिस्सों में भी बारिश के बाद हालात बिगड़ गए। विकास मार्ग, शकरपुर स्कूल ब्लॉक, पांडव नगर अंडरपास, NH-9 और गणेश नगर-पटपड़गंज मार्ग पर पानी जमा रहा।
गीता कॉलोनी और शकरपुर के रिहायशी इलाकों में भी लोगों को जलभराव से परेशानी हुई। मुख्य मार्गों पर पानी भरने से वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई और कई जगह लंबी कतारें लग गईं। फुटपाथ पर पानी जमा होने के कारण पैदल यात्रियों को सड़क पर चलना पड़ा।
वसंत कुंज में दीवार और पेड़ गिरा
दक्षिणी दिल्ली में संगम विहार, देवली, खानपुर, सैनिक फार्म, बदरपुर, मीठापुर चौक और गढ़ी गांव समेत कई इलाकों में फिर जलभराव हुआ।
वसंत कुंज के ई-7 और ई-9 ब्लॉक में बारिश के दौरान DDA की दीवार और इलेक्ट्रिक पैनल गिर गए। मलबे की चपेट में आने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए। वहीं A-1 और A-2 ब्लॉक के बीच एक बड़ा पेड़ गिरने से एक कार दब गई।
कुछ सोसायटियों के बेसमेंट में पानी भरने से पार्किंग में खड़ी कारें भी जलमग्न हो गईं।
छुट्टी में भी ट्रैफिक की रफ्तार रही धीमी
बारिश का असर प्रमुख सड़कों पर भी दिखाई दिया। MB रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। मोदी मिल के पास आउटर रिंग रोड, मां आनंदमयी मार्ग, पुल प्रहलादपुर और क्राउन प्लाजा चौक पर भी वाहन धीमी गति से चलते नजर आए।
BRICS Summit से ठीक पहले हुई बारिश ने दिल्ली की जल निकासी व्यवस्था की एक बार फिर परीक्षा ले ली है। अब एजेंसियों के सामने चुनौती है कि सम्मेलन के दौरान बारिश की स्थिति में जलभराव और ट्रैफिक जैसी समस्याओं से समय रहते निपटा जा सके।
Comments are closed.