नेपाली कांग्रेस पार्टी में विभाजन, गगन थापा को सौंपी गई अध्यक्ष की कमान

2

नेपाली कांग्रेस पार्टी बुधवार को औपचारिक रूप से दो हिस्सों में बंट गई। महासचिव गगन थापा और विश्व प्रकाश शर्मा के नेतृत्व वाले गुटों तथा पार्टी अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा के बीच चली लंबी बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद पार्टी में फूट तय हो गई।

विशेष आम सम्मेलन में 49 वर्षीय गगन थापा को सर्वसम्मति से नेपाली कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुना गया। देश की सबसे पुरानी और प्रमुख राजनीतिक पार्टी में यह विभाजन तब गहरा गया, जब थापा और शर्मा की ओर से देउबा से अध्यक्ष पद छोड़ने की अंतिम समय की मांग को ठुकरा दिया गया।

दोनों महासचिवों ने देउबा से न केवल पार्टी प्रमुख के पद से हटने, बल्कि आगामी संसदीय चुनाव न लड़ने का भी आग्रह किया था। उनका कहना था कि सितंबर में हुए जेन-जी आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले युवाओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए देउबा को सक्रिय राजनीति से हटकर मार्गदर्शक की भूमिका निभानी चाहिए।

नेपाल में कब होंगे आम चुनाव?

नेपाल में आम चुनाव 5 मार्च को कराए जाएंगे। भ्रष्टाचार और इंटरनेट मीडिया पर प्रतिबंध के खिलाफ जेन-जी समूह के नेतृत्व में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद राजनीतिक संकट गहरा गया था। हालात बिगड़ने पर तत्कालीन प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली ने 9 सितंबर को इस्तीफा दे दिया था।

इसके बाद 12 सितंबर को 73 वर्षीय सुशीला कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया। उनकी सिफारिश पर राष्ट्रपति ने प्रतिनिधि सभा को भंग कर दिया और 5 मार्च को आम चुनाव कराने की घोषणा की।

Comments are closed.