सरकारी कोशिशों के बावजूद प्याज महंगा, कई जगह 80 रुपये किलो तक पहुंचा भाव

1

सरकारी प्रयासों के बावजूद प्याज की कीमतों में तेजी थमने का नाम नहीं ले रही है।

सावन में मांग अपेक्षाकृत कम रहने और पर्याप्त आपूर्ति के कारण थोक बाजार में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन खुदरा बाजार में कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। कारोबारियों के अनुसार, नासिक में पुराने प्याज का स्टॉक घटने से बाजार पर दबाव बढ़ा है। दिल्ली-NCR में प्याज खुदरा बाजार में 50 से 55 रुपये किलो बिक रहा है, जबकि खुले बाजार में इसकी कीमत 60 से 70 रुपये किलो तक पहुंच गई है। वहीं, कुछ राज्यों में प्याज 80 रुपये किलो तक बिक रहा है।

कानपुर की चकरपुर मंडी में प्याज की दैनिक आवक घटकर करीब पांच लाख किलो रह गई है, जो पहले 6.50 लाख किलो थी। आवक में कमी का असर थोक कीमतों पर भी पड़ा है और भाव बढ़कर 42 से 45 रुपये किलो हो गया है। मंडी सब्जी व्यापार मंडल के अध्यक्ष सौरभ पांडेय के मुताबिक, पिछले तीन दिनों में ही प्याज की कीमत करीब 10 रुपये किलो बढ़ी है।

फिलहाल मध्य प्रदेश के शिवपुरी और राजस्थान के अलवर से सीमित मात्रा में प्याज ट्रकों के जरिए मंडियों में पहुंच रहा है। कारोबारियों का कहना है कि नई फसल की आवक शुरू होने तक कीमतों में तेजी बनी रह सकती है।

आगरा की सिकंदरा मंडी में नासिक से रोजाना करीब 15 ट्रक यानी लगभग तीन लाख किलो प्याज पहुंच रहा है। इसके चलते यहां थोक कीमत करीब 40 रुपये किलो बनी हुई है। आढ़तिया मनोज कालरा के अनुसार, अगले सप्ताह मांग बढ़ने पर कीमतों में और इजाफा हो सकता है।

बंगाल में भी प्याज के दाम तेजी से बढ़े हैं। करीब दो सप्ताह पहले 30 से 35 रुपये किलो बिकने वाला प्याज अब 70 से 80 रुपये किलो तक पहुंच गया है। राजस्थान में कीमत करीब 50 रुपये, जम्मू में 60 रुपये और देहरादून में लगभग 60 रुपये किलो है। हरिद्वार की ज्वालापुर मंडी में प्याज 50 रुपये किलो बिक रहा है।

हल्द्वानी में प्याज की कीमत 46 से 50 रुपये किलो, जबकि रुद्रपुर में 35 से 40 रुपये किलो है। पटना में शुक्रवार को प्याज करीब 55 रुपये किलो बिका। रांची में खुदरा कीमत 55 से 60 रुपये किलो और हिमाचल प्रदेश में औसत भाव करीब 60 रुपये किलो है। मध्य प्रदेश की मंडियों में घरेलू खपत वाला प्याज करीब 40 रुपये किलो बिक रहा है।

व्यापारियों के मुताबिक, मंडियों में आवक में कमी और पुराने स्टॉक की घटती उपलब्धता के चलते आने वाले दिनों में कीमतों पर दबाव बना रह सकता है।

Comments are closed.