पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने शादी के 13 साल बाद अलग होने का किया फैसला, बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और दक्षिण भारतीय फिल्मों के मशहूर अभिनेता पवन कल्याण ने अपनी पत्नी अन्ना कोनिडेला से अलग होने का फैसला किया है। शादी के करीब 13 साल बाद दोनों ने आपसी सहमति से अपने रास्ते अलग करने का निर्णय लिया है। उपमुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान में इस फैसले की जानकारी दी गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि दोनों अपने बच्चों की जिम्मेदारी मिलकर निभाते रहेंगे।
आपसी सहमति और सम्मान से लिया फैसला
जारी बयान में पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने कहा कि साथ में जीवन का लंबा समय बिताने के बाद उन्होंने आपसी समझ और सम्मान के आधार पर अलग होने का निर्णय लिया है।
बयान में कहा गया, “भले ही हमारी शादी समाप्त हो गई है, लेकिन हम अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने बच्चों के लिए समर्पित माता-पिता की भूमिका निभाते रहेंगे। बच्चों की खुशी और उनका भविष्य हमेशा हमारी साझा प्राथमिकता रहेगा।”
निजता बनाए रखने की अपील
इस फैसले के साथ ही दोनों ने अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों से निजी जीवन में दखल न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का संवेदनशील और मुश्किल दौर है, इसलिए उनकी निजता का सम्मान किया जाना चाहिए।
दोनों ने उन सभी लोगों का आभार भी जताया, जिन्होंने उनके जीवन के सफर में उनका साथ दिया और मुश्किल समय में उनका समर्थन किया।
पवन कल्याण की तीसरी शादी भी नहीं चली
अभिनेता पवन कल्याण का निजी जीवन पहले भी कई बार चर्चा में रहा है। तेलुगु सुपरस्टार चिरंजीवी और नागेंद्र बाबू के छोटे भाई पवन ने वर्ष 1996 में फिल्म ‘अक्कडा अम्मायी इक्कडा अब्बायी’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी।
पवन कल्याण ने पहली शादी वर्ष 1997 में नंदिनी से की थी। हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और दोनों अलग हो गए।
इसके बाद वर्ष 2009 में उन्होंने अभिनेत्री और मॉडल रेणु देसाई से विवाह किया। यह रिश्ता भी 2012 में समाप्त हो गया। दोनों के दो बच्चे हैं, अकीरा नंदन और आध्या।
वर्ष 2013 में पवन कल्याण ने रूस की रहने वाली अन्ना कोनिडेला से तीसरी शादी की थी। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं, पोलिना अंजना पवनोवा और मार्क शंकर पवनोविच। अब 13 साल बाद दोनों ने अलग होने का फैसला किया है।
Comments are closed.