प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 128वें एपिसोड में देश को संबोधित करेंगे।
यह प्रसारण सुबह 11 बजे ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन नेटवर्क पर होगा। कार्यक्रम AIR News वेबसाइट, NewsOnAir मोबाइल ऐप पर उपलब्ध रहेगा और AIR News, DD News, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर लाइव-स्ट्रीम किया जाएगा। आकाशवाणी पर हिंदी संस्करण के तुरंत बाद कार्यक्रम क्षेत्रीय भाषाओं में भी प्रसारित होगा।
‘मन की बात’ प्रधानमंत्री मोदी का ऐसा प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से वे भारत और दुनिया में बसे भारतीयों से सीधे संवाद करते हैं। इसमें वे राष्ट्रीय मुद्दों, जमीनी स्तर की पहलों और सामाजिक अभियानों पर प्रकाश डालते हैं, साथ ही जनभागीदारी को प्रोत्साहित करते हैं।
पिछला एपिसोड 26 अक्टूबर को प्रसारित हुआ था
127वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने छठ पर्व की शुभकामनाएं दी थीं, संस्कृत को आगे बढ़ाने में योगदान देने वाले युवा रचनाकारों की सराहना की थी, और भारत के कॉफी सेक्टर को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने पर खुशी जताई थी। उन्होंने ‘जीएसटी बचत उत्सव’ का जिक्र करते हुए नागरिकों की बढ़ती भागीदारी की तारीफ भी की थी।
इसके अलावा पीएम मोदी ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करने वाले नागरिकों के प्रयासों को सराहा था—जैसे छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर का ‘गार्बेज कैफे’, जहां प्लास्टिक के बदले भोजन दिया जाता है, और बेंगलुरु में इंजीनियर कपिल शर्मा के नेतृत्व में झीलों को पुनर्जीवित करने का अभियान। उन्होंने BSF और CRPF द्वारा अपनी यूनिट्स में स्वदेशी नस्ल के कुत्तों को अपनाने की पहल की भी प्रशंसा की थी।
अक्टूबर 2014 में शुरू हुए ‘मन की बात’ ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल साक्षरता और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर व्यापक जनजागरूकता लाने में अहम भूमिका निभाई है और कई अभियानों को जन-आंदोलन का रूप देने में मदद की है।
Comments are closed.