पटना बवाल के बाद पुलिस की सख्त कार्रवाई, 24 FIR और 258 गिरफ्तार

0

पटना हिंसा पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 24 FIR, 258 गिरफ्तार; 285 नामजद और 6 हजार अज्ञात पर केस

पटना में 22 और 25 जुलाई को हुए उग्र प्रदर्शनों के बाद पुलिस ने व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली, गांधी मैदान, पाटलिपुत्र और सचिवालय थाना समेत विभिन्न थानों में अब तक 24 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इन मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 258 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

गांधी मैदान से सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां

पुलिस के मुताबिक, गांधी मैदान थाना क्षेत्र से सबसे अधिक 138 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कोतवाली थाना पुलिस ने 49 लोगों को हिरासत में लिया। इसके अलावा पहले की कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपितों को भी जेल भेजा गया। वहीं, 30 छात्राओं को मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए निजी बांड पर रिहा कर दिया गया।

285 नामजद, 6 हजार अज्ञात पर शिकंजा

पुलिस ने दर्ज एफआईआर में 285 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। इसके अलावा करीब 6 हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपितों की पहचान की जा रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ सकती है।

हिंसा में 43 पुलिसकर्मी, 300 से अधिक छात्र घायल

प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प और लाठीचार्ज में आईजी, थानेदार, सब-इंस्पेक्टर और जवानों समेत कुल 43 पुलिसकर्मी घायल हुए। दूसरी ओर, 300 से अधिक छात्र घायल बताए गए हैं, जिनमें करीब 60 को गंभीर चोटें आई हैं। कई छात्रों के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि कई के हाथ-पैर टूटने की भी सूचना है।

11 वाहनों में तोड़फोड़

उग्र प्रदर्शन के दौरान गांधी मैदान और कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस और आम लोगों के कुल 11 वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि फिलहाल शहर में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कानून-व्यवस्था नियंत्रण में है।

इन प्रमुख लोगों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस की कार्रवाई में कई प्रमुख नेताओं और छात्र संगठनों के पदाधिकारियों को भी गिरफ्तार किया गया है। इनमें जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव, भाकपा (माले) विधायक संदीप सौरभ, पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष शांतनु शेखर, आइसा के प्रदेश अध्यक्ष धनंजय, महासचिव दीपांकर मिश्रा, राज्य सचिव दिव्यम, छात्र नेता आफरीन, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मनीष यादव और पालीगंज मुखिया संघ के अध्यक्ष आनंद कुमार यादव शामिल हैं।

Comments are closed.