दिल्ली-NCR में बारिश की संभावना, उत्तराखंड-हिमाचल में बर्फबारी; बिहार-बंगाल तक बदलेगा मौसम का मिजाज

2

दिल्ली-एनसीआर में दो दिन की बारिश के बाद 9 अप्रैल को आसमान में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन आज बारिश के संकेत नहीं हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान में भी आज बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

दूसरी ओर, पहाड़ी राज्यों में मौसम सक्रिय बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम करवट ले रहा है, जहां गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 9 से 12 अप्रैल, असम-मेघालय में 9-10 अप्रैल और त्रिपुरा में 9 अप्रैल को बारिश के आसार हैं।

पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम बदलने वाला है। पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 9-10 अप्रैल के दौरान बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा में भी इसी अवधि में बारिश की संभावना जताई गई है।

राजधानी दिल्ली में हालिया बारिश का असर तापमान पर साफ दिखाई दिया। बुधवार को अधिकतम तापमान गिरकर 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल महीने में पिछले 11 साल का सबसे कम स्तर है और सामान्य से करीब 7 डिग्री कम है। इससे पहले अप्रैल 2016 में 27.2 डिग्री का न्यूनतम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था।

सफदरजंग मौसम केंद्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 16.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो अप्रैल 2023 के बाद सबसे ज्यादा है। वहीं पालम, लोधी रोड, रिज और आयानगर में अपेक्षाकृत कम बारिश दर्ज हुई।

तापमान की बात करें तो पालम में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 8.3 डिग्री कम है। लोधी रोड में 28 डिग्री, रिज में 28.8 डिग्री और आयानगर में 28 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो सभी सामान्य से 6 से 7 डिग्री कम रहे।

न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे दर्ज हुआ। सफदरजंग में 16.8 डिग्री, पालम में 15.5 डिग्री, लोधी रोड में 16.2 डिग्री, रिज में 15.3 डिग्री और आयानगर में 16.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2 से 5 डिग्री तक कम रहा।

Comments are closed.