‘शो रद्द हो रहे, लगातार धमकियां मिल रहीं’, मोदी की मिमिक्री करने वाले कॉमेडियन का दावा

1

इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करने वाले स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि का विवाद बढ़ता जा रहा है।

पुलकित ने नोएडा में होने वाला अपना आगामी कॉमेडी शो रद्द कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया है कि धमकियों के चलते लखनऊ और कानपुर में भी उनके शो रद्द किए गए हैं।

पुलकित ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी के जरिए नोएडा शो रद्द करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुछ अप्रत्याशित और अचानक सामने आए कारणों की वजह से शो कैंसिल करना पड़ा। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण लखनऊ और कानपुर के शो भी रद्द कर दिए गए।

उन्होंने दर्शकों से हुई असुविधा के लिए माफी मांगी और उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। एक मीम साझा करते हुए पुलकित ने लिखा, ‘अब अंडरग्राउंड होने का समय आ गया है।’ उनके धमकियों से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

राहुल गांधी के साथ मंच साझा किया था

दरअसल, इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में पुलकित मणि ने राहुल गांधी के साथ मंच साझा किया था। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बोलने की शैली और राजनीतिक गतिविधियों की मिमिक्री करते हुए व्यंग्य किया।

पुलकित ने पीएम मोदी की आवाज की नकल करते हुए हाल ही में एक बुजुर्ग महिला को कुर्सी दिए जाने की घटना का जिक्र किया और ‘मां को कुर्सी दो’ संवाद के साथ एक्ट किया। उन्होंने सिर पर सिक्का लगाकर भी मिमिक्री की। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी को उनके एक्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए देखा गया।

बीजेपी ने की आलोचना

मिमिक्री का वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई। बीजेपी ने आरोप लगाया कि एक्ट के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां का अपमान किया गया।

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी.आर. केसवन ने इसे अनुचित और अशोभनीय बताते हुए राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी की मांग की। बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि सार्वजनिक मंच पर इस तरह की प्रस्तुति को लेकर उन्हें जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।

वहीं, कांग्रेस की ओर से इस विवाद को राजनीतिक मिमिक्री और हास्य-व्यंग्य के तौर पर देखा गया है।

सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं पुलकित

पुलकित मणि स्टैंड-अप कॉमेडी के साथ डिजिटल कंटेंट भी बनाते हैं। वह राजनीतिक नेताओं, चर्चित हस्तियों और समसामयिक मुद्दों पर व्यंग्य और मिमिक्री से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं। इंस्टाग्राम पर उनके अकाउंट @hunnywhoisfunny के जरिए बड़ी संख्या में लोग उनके कंटेंट से जुड़े हुए हैं।

Comments are closed.