2035 तक दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है इस्लाम, ईसाइयों को पीछे छोड़ने का अनुमान; प्यू की रिपोर्ट में खुलासा
दुनिया में धर्मों की आबादी को लेकर आने वाले वर्षों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्यू रिसर्च सेंटर की नई रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2035 तक मुस्लिम आबादी ईसाइयों की संख्या को पार कर सकती है। ऐसा हुआ तो इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक समुदाय बन जाएगा। रिपोर्ट में इस बदलाव के पीछे मुस्लिम समुदाय की अधिक प्रजनन दर को प्रमुख वजह बताया गया है।
प्यू रिसर्च सेंटर पिछले करीब 25 वर्षों से दुनिया में धार्मिक आबादी के बदलते स्वरूप का अध्ययन कर रहा है। इसके ताजा अनुमानों के मुताबिक, ईसाई और मुस्लिम दोनों समुदायों की संख्या में इजाफा हो रहा है, लेकिन मुसलमानों की आबादी बढ़ने की गति अधिक है।
मुस्लिम महिलाओं की जन्मदर बनी बड़ी वजह
प्यू के वरिष्ठ जनसांख्यिकीविद् कॉनराड हैकेट के अनुसार, मुस्लिम आबादी में तेजी से वृद्धि का मुख्य कारण अधिक जन्मदर है। धर्म परिवर्तन और धार्मिक पहचान बदलने जैसे कारकों का प्रभाव इसके मुकाबले काफी सीमित है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर प्रति महिला 3.1 बच्चे रही। इसकी तुलना में ईसाई महिलाओं में यह दर 2.5 और अन्य धर्मों की महिलाओं में 1.6 बच्चे प्रति महिला दर्ज की गई। विशेषज्ञों के अनुसार, किसी आबादी को लंबे समय तक स्थिर रखने के लिए औसतन 2.1 की प्रजनन दर आवश्यक मानी जाती है।
2035 में मुसलमानों की संख्या ईसाइयों से होगी अधिक
प्यू के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2020 में दुनियाभर में लगभग 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुसलमान थे। लेकिन अगले 15 वर्षों में यह तस्वीर बदलने का अनुमान है।
रिपोर्ट में 2035 तक मुस्लिम आबादी 2.57 अरब तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जबकि ईसाइयों की संख्या लगभग 2.52 अरब रहने का अनुमान है। आगे चलकर 2070 तक मुसलमानों की आबादी 3.6 अरब से अधिक हो सकती है, जबकि ईसाइयों की संख्या 3 अरब से कम रहने की संभावना है।
वैश्विक आबादी में भी बढ़ेगा मुस्लिम समुदाय का हिस्सा
रिपोर्ट के अनुसार, 2020 से 2070 के बीच दुनिया की कुल आबादी में करीब 29 प्रतिशत वृद्धि हो सकती है। इसी अवधि में मुस्लिम आबादी 80 प्रतिशत और ईसाई आबादी लगभग 30 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है।
दूसरी तरफ, हिंदू और यहूदी समुदायों की कुल संख्या में वृद्धि के बावजूद वैश्विक आबादी में उनकी हिस्सेदारी कम हो सकती है। बौद्ध समुदाय की संख्या और वैश्विक आबादी में उसका अनुपात भी घटने का अनुमान है। चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों में संभावित जनसंख्या गिरावट को इसकी प्रमुख वजह माना गया है।
अमेरिका और यूरोप में बदलेंगे धार्मिक समीकरण
प्यू की रिपोर्ट में अमेरिका और यूरोप की धार्मिक संरचना में भी बड़े बदलावों का अनुमान लगाया गया है। अमेरिका में फिलहाल ईसाइयों की हिस्सेदारी लगभग 62 प्रतिशत है। अनुमान है कि 2065 तक यह आंकड़ा 50 प्रतिशत से नीचे चला जाएगा।
अमेरिका में ईसाइयों की संख्या 2020 में करीब 21.7 करोड़ थी, जो 2070 तक घटकर 17.4 करोड़ रह सकती है।
यूरोप में भी ईसाई आबादी में गिरावट का अनुमान है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2070 तक यूरोप की कुल जनसंख्या 17 प्रतिशत घट सकती है। इस दौरान ईसाइयों की संख्या 50.5 करोड़ से कम होकर 32.4 करोड़ रहने का अनुमान है। वहीं, यूरोप में मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी 6 प्रतिशत से बढ़कर 13 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।
पाकिस्तान में सबसे ज्यादा हो सकते हैं मुसलमान
प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमानों के मुताबिक, 2070 तक पाकिस्तान दुनिया का सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है। इसके बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का नंबर आने की संभावना है। वर्तमान में इंडोनेशिया इस मामले में पहले स्थान पर है।
धर्म से दूरी बनाने वालों की संख्या में भी इजाफा
रिपोर्ट में ऐसे लोगों की संख्या बढ़ने का भी अनुमान लगाया गया है, जो खुद को किसी धर्म से जुड़ा हुआ नहीं मानते। इनमें नास्तिक, अज्ञेयवादी और किसी धार्मिक पहचान को नहीं अपनाने वाले लोग शामिल हैं।
प्यू के मुताबिक, चीन को छोड़कर दुनिया के अन्य हिस्सों में ऐसे लोगों की संख्या 2070 तक 18 करोड़ से अधिक बढ़ सकती है। चेक गणराज्य, जापान, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, उरुग्वे और वियतनाम जैसे देशों में यह समूह पहले से ही बहुसंख्यक है। अनुमान है कि आने वाले दशकों में फ्रांस, ब्रिटेन और दक्षिण कोरिया भी इस श्रेणी में शामिल हो सकते हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, धार्मिक आबादी में होने वाले ये बदलाव आने वाले दशकों में दुनिया के सामाजिक और सांस्कृतिक परिदृश्य को प्रभावित कर सकते हैं।
Comments are closed.