जेनसेन हुआंग के कथित हनीट्रैप पर सोशल मीडिया में मीम्स की बाढ़, फेक किस से लेकर हमजा अली मजारी तक के चर्चे

0

जेनसेन हुआंग के कथित अफेयर पर इंटरनेट पर मीम्स की बाढ़, एलिस हुआंग को बताया चीन की ‘हमजा अली मजारी’

एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग इन दिनों कथित विवाहेतर संबंध और चीनी खुफिया एजेंसी से जुड़े विवाद को लेकर चर्चा में हैं। कर्मचारियों को भेजे गए ईमेल में हुआंग ने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की बात स्वीकार की है। इस बीच, विदेशी खुफिया गतिविधियों से जुड़े संभावित खतरे को देखते हुए कंपनी के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच शुरू करने का फैसला किया है। हालांकि, इस गंभीर विवाद के बीच सोशल मीडिया पर मीम्स और मजेदार टिप्पणियों का सिलसिला भी तेज हो गया है।

एक्स पर यूजर्स इस मामले को लेकर अलग-अलग अंदाज में चुटकी ले रहे हैं। सबसे ज्यादा चर्चा एलिस हुआंग की हो रही है, जिन पर अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को कथित तौर पर चीन के लिए काम करने का संदेह था। एक यूजर ने उन्हें फिल्म ‘धुरंधर’ के चर्चित किरदार हमजा अली मजारी से जोड़ते हुए ‘चीन की हमजी अली मजारी’ बता दिया। फिल्म में रणवीर सिंह ने भारतीय खुफिया एजेंट की भूमिका निभाई थी।

किसी ने सीईओ की किस्मत पर कसा तंज, तो किसी ने चिप्स का किया जिक्र

सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा कि हर कुछ महीनों में किस्मत किसी न किसी सीईओ को बलि का बकरा चुन लेती है। एक अन्य यूजर ने जेनसेन हुआंग और एलिस हुआंग की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि बेचारा इस परिस्थिति में फंस गया।

एक पोस्ट में यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि दुनिया के सबसे उन्नत एआई सिस्टम तक पहुंच रखने वाले व्यक्ति भी एक रेड फ्लैग पहचानने में नाकाम रहे। वहीं, दूसरे यूजर ने चुटकी लेते हुए कहा कि हुआंग अपने जीवन की सबसे जरूरी चिप को ही कंट्रोल नहीं कर पाए।

एक अन्य मीम में कथित जासूसी के तरीके पर कटाक्ष करते हुए लिखा गया कि अब कंप्यूटर को हैक करने की जरूरत नहीं है, उसके मालिक को ही अपने प्रभाव में ले लो।

13 सेकंड के वीडियो ने दिलाई कोल्डप्ले विवाद की याद

इस विवाद के बीच सोशल मीडिया पर जेनसेन हुआंग का 13 सेकंड का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में चश्मा पहने हुआंग एक महिला को गले लगाते नजर आते हैं। दावा किया जा रहा है कि यह महिला एलिस हुआंग हैं। वीडियो में दोनों की तस्वीर स्टेडियम की विशाल गोल स्क्रीन पर भी दिखाई देती है।

इस क्लिप को देखकर इंटरनेट यूजर्स को जुलाई 2025 में हुए कोल्डप्ले किस कैम विवाद की याद आ गई। उस दौरान बोस्टन में आयोजित कॉन्सर्ट में एस्ट्रोनॉमर कंपनी के तत्कालीन सीईओ एंडी बायरन और एचआर प्रमुख क्रिस्टिन कैबॉट कैमरे में एक साथ कैद हो गए थे। वीडियो वायरल होने के बाद बायरन को छुट्टी पर भेज दिया गया, जबकि कैबॉट ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उस घटना ने सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ ला दी थी।

कौन हैं एलिस हुआंग और क्यों उठे जासूसी के सवाल?

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने एलिस हुआंग की इलेक्ट्रॉनिक निगरानी की थी। अधिकारियों को संदेह था कि चीन की नागरिक एलिस हुआंग को बीजिंग की मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी ने अपने साथ मिला लिया था। रिपोर्ट में दावा किया गया कि वह चीन तक महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचा सकती थीं। हालांकि, चीन ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया है।

एलिस हुआंग सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड में वरिष्ठ अधिकारी रही हैं। इससे पहले वह चीन में टेलीविजन रिपोर्टर के रूप में काम कर चुकी थीं। मेगास्पीड दक्षिण-पूर्व एशिया में एनवीडिया के बड़े ग्राहकों में से एक है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने दो साल के दौरान एनवीडिया से 4.8 अरब डॉलर से अधिक की चिप्स खरीदी थीं। बताया गया है कि जेनसेन हुआंग और एलिस हुआंग के बीच कोई पारिवारिक संबंध नहीं है।

हुआंग ने स्वीकार की बेवफाई, कंपनी के बोर्ड की स्वतंत्र जांच

कर्मचारियों को भेजे गए ईमेल में जेनसेन हुआंग ने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार करते हुए परिवार को पहुंची तकलीफ के लिए माफी मांगी। उन्होंने साफ कहा कि अपने किए के लिए उनके पास कोई सफाई नहीं है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद एनवीडिया के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच कराने की घोषणा की। हालांकि, बोर्ड का कहना है कि फिलहाल ऐसा कोई आधार नहीं मिला है जिससे यह साबित हो कि कंपनी के गोपनीय रहस्यों या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े हितों को नुकसान पहुंचा है। हुआंग सीईओ के पद पर बने रहेंगे।

एनवीडिया पर क्यों टिकी हैं सबकी नजरें?

एनवीडिया के अत्याधुनिक प्रोसेसर दुनिया भर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल को ट्रेन करने और संचालित करने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। एआई उद्योग में कंपनी की अहम भूमिका के कारण उसके चिप्स रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

अमेरिका ने चीन की अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर तकनीक तक पहुंच सीमित करने के लिए एनवीडिया के कुछ उन्नत प्रोसेसर के निर्यात पर प्रतिबंध भी लगाए हैं। ऐसे में कंपनी के शीर्ष नेतृत्व और एक बड़े ग्राहक से जुड़े कथित खुफिया संपर्कों की खबर ने कॉरपोरेट जगत से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों तक चिंता बढ़ा दी है। दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर यह मामला फिलहाल मीम्स और व्यंग्य का बड़ा विषय बना हुआ है।

Comments are closed.