रविवार सुबह जापान में भूकंप के तेज झटके, 6.1 रही तीव्रता

1

पूर्वोत्तर जापान में रविवार सुबह 6.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे कई इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए।

हालांकि, सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है और अब तक किसी तरह के बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। इसके बावजूद जापान मौसम विभाग (JMA) ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि अगले कुछ दिनों तक मजबूत आफ्टरशॉक्स आने की आशंका बनी हुई है।

जापान मौसम विभाग के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 7:25 बजे आए भूकंप का केंद्र समुद्र के भीतर लगभग 40 किलोमीटर की गहराई में था। जापान के सात-स्तरीय भूकंपीय तीव्रता पैमाने पर इसकी अधिकतम तीव्रता 5 दर्ज की गई। आओमोरी प्रांत के हाचिनोहे शहर समेत कई इलाकों में झटके महसूस किए गए, जबकि आसपास के क्षेत्रों में भी लोग घरों से बाहर निकल आए।

यह भूकंप ऐसे समय आया है, जब 25 जून को इवाते तट के पास आए शक्तिशाली भूकंप के बाद से इलाके में लगातार भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की जा रही हैं। उस भूकंप की अधिकतम भूकंपीय तीव्रता 6+ रही थी। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार का भूकंप भी उसी सक्रिय भूकंपीय क्षेत्र में आया है।

एजेंसी ने चेतावनी दी है कि प्रभावित इलाकों में अगले करीब एक सप्ताह तक 6 या उससे अधिक तीव्रता के झटके आने की संभावना बनी हुई है। साथ ही, तेज झटकों वाले क्षेत्रों में चट्टानें गिरने और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Comments are closed.