चीनी सस्ती हुई, फिर भी दुकानों पर अलग-अलग दाम; रेट को लेकर ग्राहकों और दुकानदारों में विवाद

2

चीनी के दामों में तेजी के बाद अब गिरावट आने लगी है, लेकिन खुदरा बाजार में कीमतों का अंतर अभी खत्म नहीं हुआ है।

शहर की अलग-अलग दुकानों पर चीनी 56 से 58 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रही है। एक ही शहर में अलग-अलग रेट होने से ग्राहकों में असमंजस है और कीमत को लेकर कई जगह दुकानदारों से कहासुनी भी हो रही है।

करीब डेढ़ महीने पहले चीनी की उपलब्धता को लेकर बाजार में चिंता बढ़ी थी। थोक उपभोक्ताओं और कारोबारियों ने आशंका के चलते जरूरत से ज्यादा चीनी खरीदकर स्टॉक कर ली। बाजार में उपलब्ध स्टॉक कम होने का असर कीमतों पर पड़ा और 44-45 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास बिकने वाली चीनी का भाव तेजी से बढ़कर करीब 70 रुपये तक पहुंच गया।

सरकार के हस्तक्षेप के बाद अब बाजार की स्थिति बदल रही है। कारोबारियों के पास जमा अतिरिक्त स्टॉक धीरे-धीरे बाजार में निकल रहा है। साथ ही नई खरीदारी कमजोर होने से कीमतों पर भी दबाव बना है। नतीजतन थोक बाजार में चीनी के भाव नीचे आने लगे हैं।

हालांकि, खुदरा बाजार में इसका असर हर दुकान पर एक जैसा नहीं दिख रहा। कई दुकानदारों के पास अभी पुराना महंगा स्टॉक मौजूद है। उनका कहना है कि इस स्टॉक को खरीद मूल्य से कम पर बेचने से उन्हें नुकसान होगा, इसलिए वे पुराने खरीद भाव के हिसाब से ही बिक्री कर रहे हैं।

भूड़ चौराहे के पास एक दुकान पर चीनी 56 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिकती मिली, जबकि चांदपुर रोड पर इसका भाव 58 रुपये प्रति किलोग्राम था। चौक बाजार, साठा और देवीपुरा समेत अन्य इलाकों में भी कीमतों में इसी तरह का अंतर देखने को मिला।

दुकानदारों के मुताबिक, थोक बाजार से जिस कीमत पर चीनी खरीदी गई है, उसी के आधार पर खुदरा भाव तय किया जा रहा है। हालांकि उनका कहना है कि पिछले सप्ताह की तुलना में चीनी के दाम में कमी आई है और आने वाले दिनों में बाजार में कीमतें और नीचे आ सकती हैं।

Comments are closed.