ढाका में तनाव बरकरार, राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल के बगल में दफन होगा उस्मान हादी

4

इंकलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद से बांग्लादेश में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। राजधानी ढाका समेत कई शहरों से आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं की खबरें सामने आई हैं। कानून-व्यवस्था को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

हादी का शव सिंगापुर से ढाका पहुंच चुका है। परिवार के अनुरोध पर उन्हें बांग्लादेश के राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम के बगल में दफनाया जाएगा। इस फैसले के मद्देनजर ढाका में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।

ढाका विश्वविद्यालय केंद्रीय छात्र संघ (डुक्सू) की नेता फातिमा तस्नीम जुमा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि परिवार की इच्छा के अनुसार शरीफ उस्मान हादी को काजी नजरुल इस्लाम के समाधि स्थल के पास सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक, शनिवार को जुहर की नमाज के बाद मानिक मियां एवेन्यू में जनाजा नमाज अदा की जाएगी, जिसके बाद अंतिम संस्कार होगा। इस दौरान भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

कौन थे शरीफ उस्मान हादी?
शरीफ उस्मान हादी जुलाई 2024 में हुए राजनीतिक विद्रोह के प्रमुख चेहरों में शामिल थे। वह पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के विरोध में सक्रिय संगठन इंकलाब मंच के प्रवक्ता थे। जुलाई आंदोलन के बाद यह मंच राष्ट्रीय राजनीति में चर्चा का केंद्र बना था, जिसने बांग्लादेश की सत्ता और राजनीति की दिशा को प्रभावित किया।

हादी आगामी फरवरी में होने वाले आम चुनावों में ढाका-8 निर्वाचन क्षेत्र से एक स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे और उसी सिलसिले में सक्रिय प्रचार कर रहे थे।

कैसे हुआ हमला?
12 दिसंबर को मध्य ढाका में चुनाव प्रचार के दौरान हादी पर गोलीबारी की गई। वह उस समय ई-रिक्शा से यात्रा कर रहे थे, तभी बाइक सवार अज्ञात हमलावर ने उन पर फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल हादी को पहले ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल और बाद में एवरकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सिंगापुर में इलाज के दौरान मौत
स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ने पर 15 दिसंबर को उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिंगापुर भेजा गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादी की मौत की खबर सामने आते ही बांग्लादेश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन भड़क उठे, जिनमें कई जगह हिंसक घटनाएं भी हुईं।

प्रशासन का कहना है कि हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

Comments are closed.