यूपी-दिल्ली में 6 दिन रहेगा भयंकर कोहरा, मौसम विभाग ने जारी किया चेतावनी अलर्ट

1

उत्तर भारत में एक बार फिर भीषण कोहरे ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में शनिवार सुबह सड़कों पर घुप्प अंधेरा छाया रहा।

एक दिन की राहत के बाद कोहरा फिर लौट आया, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत एनसीआर में अगले छह दिनों तक घने से अत्यधिक कोहरे की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भी कोहरे का असर रहेगा। गोरखपुर, वाराणसी, कुशीनगर, बहराइच, बलिया समेत कई जिलों में घना कोहरा छाने का अनुमान है। हालांकि राजधानी दिल्ली में तापमान में फिलहाल बड़ी गिरावट के संकेत नहीं हैं। 19 से 25 दिसंबर के बीच दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

दिल्ली में 19 दिसंबर को कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 20 दिसंबर को घने से अत्यधिक कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि 20 दिसंबर को बिहार, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में घना कोहरा छाने की आशंका है। कई इलाकों में बादल भी बने रह सकते हैं।

21 दिसंबर को उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार में ऐसे ही हालात बने रहेंगे। पूर्वांचल में 22 दिसंबर को कोहरे का असर दिखेगा। वहीं, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 24 और 25 दिसंबर को अत्यधिक घना कोहरा छाने का अनुमान है।

यूपी में कोहरा और शीत लहर
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बरेली, अलीगढ़, मुरादाबाद, आगरा और मेरठ समेत कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है। पूर्वी यूपी में गोरखपुर, कुशीनगर, बहराइच, अयोध्या, लखीमपुर खीरी और बलिया से लेकर अवध क्षेत्र के लखनऊ और कानपुर तक कोहरा छाया रहेगा। पश्चिमी यूपी में शीत लहर को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर, रीवा और जबलपुर संभाग में भी घना कोहरा दर्ज किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण गंभीर
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में बना रहा। नोएडा में AQI 405 और गाजियाबाद में 359 रिकॉर्ड किया गया। पाबंदियों के बावजूद वायु गुणवत्ता में खास सुधार नहीं देखा गया है।

पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 21 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पंजाब में 22 दिसंबर को बारिश के आसार हैं। कश्मीर के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि इसके बाद चार दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है। ऐसे में क्रिसमस के दौरान ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है।

पंजाब में 19 और 20 दिसंबर को शीत लहर का अलर्ट जारी है, जबकि हरियाणा में 22 से 25 दिसंबर तक ठंड का असर रहेगा। चंडीगढ़ में सुबह के समय घना से अत्यंत घना कोहरा छाने की चेतावनी है। उत्तराखंड में भी 20 और 21 दिसंबर को घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के पटना, छपरा समेत गंगा के मैदानी इलाकों में भी कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ाएगा।

Comments are closed.