दिल्ली समेत कई राज्यों में बदला मौसम, महाराष्ट्र और गुजरात में भारी बारिश से हालात खराब, IMD ने अलर्ट जारी किया
देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कुछ राज्यों में जहां गर्मी से कुछ राहत मिली है, वहीं महाराष्ट्र और गुजरात में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इन दोनों राज्यों के कई इलाकों में अलर्ट जारी किया है।
महाराष्ट्र: मुंबई और पालघर में अलर्ट
सोमवार को मुंबई के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई, जिससे सड़कों पर जलभराव हो गया और लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। नवी मुंबई के रेलवे परिसरों में भी पानी भर गया है। IMD ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट और पालघर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
गुजरात: सौराष्ट्र और दक्षिण जिलों में बिगड़े हालात
गुजरात के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश हो रही है। सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जिला कलेक्टरों को नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और राहत कार्य तेज़ करने के निर्देश दिए हैं। लोगों को नदियों या तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।
उत्तर भारत में गर्मी से जल्द राहत
- उत्तर भारत के कई इलाकों में अब भी गर्मी का असर जारी है, लेकिन मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की संभावना जताई है:
- पूर्वी उत्तर प्रदेश में 16 से 22 जून तक छिटपुट से भारी बारिश हो सकती है।
- राजस्थान में 16 और 17 जून को वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
- उत्तराखंड में अगले 4 दिन तेज बारिश के आसार हैं।
- दिल्ली-NCR में भी अगले कुछ दिनों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है।
दक्षिण भारत में सक्रिय हुआ मानसून
दक्षिण भारत के कई हिस्सों में फिर से बारिश का दौर शुरू हो गया है। केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ क्षेत्रों में रिकॉर्ड स्तर की बारिश दर्ज की गई है।
Comments are closed.