भ्रष्टाचार केस में चीन के दो पूर्व रक्षा मंत्रियों को सख्त सजा, सैन्य अदालत का फैसला

3

चीन में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सैन्य अदालत ने दो पूर्व रक्षा मंत्रियों—वेई फेंग और ली शांग्फू—को मौत की सजा सुनाई है। हालांकि आदेश के अनुसार इस सजा पर अमल दो साल बाद किया जाएगा, और तब तक दोनों जेल में रहेंगे।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, अदालत ने दोनों मामलों की अलग-अलग सुनवाई की। वेई फेंग को रिश्वत लेने का दोषी पाया गया, जबकि ली शांग्फू को रिश्वत लेने और रिश्वत देने के प्रयास का दोषी करार दिया गया है। अदालत ने दोनों के सभी राजनीतिक अधिकार समाप्त कर दिए हैं और उनकी पूरी संपत्ति जब्त करने का आदेश भी दिया है। दोनों ही नेता राष्ट्रपति शी जिनपिंग के कार्यकाल में रक्षा मंत्री रह चुके हैं। वेई 2018 से 2023 तक इस पद पर रहे, जबकि ली ने उनके बाद कुछ ही महीनों तक मंत्रालय संभाला।

दोनों अधिकारियों को पहले सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ने पद से हटाया था। रक्षा मंत्री रहते हुए वे केंद्रीय सैन्य आयोग के सदस्य भी थे, लेकिन बाद में उन्हें आयोग से भी बाहर कर दिया गया। इससे पहले दोनों जनरल पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की रॉकेट फोर्स जैसे अहम सैन्य यूनिट में शीर्ष पदों पर रह चुके हैं।

रिपोर्टों के अनुसार, वेई फेंग एक समय अचानक सार्वजनिक जीवन से गायब हो गए थे, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी और जांच की पुष्टि हुई। वहीं ली शांग्फू को सीधे राष्ट्रपति शी द्वारा रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया था, लेकिन बाद में उन्हें भी पद से हटा दिया गया। इस कार्रवाई को चीन में जारी व्यापक भ्रष्टाचार विरोधी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है, जिसे राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने 2012 में सत्ता संभालने के बाद शुरू किया था। इस अभियान के तहत अब तक बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी और सैन्य जनरल कार्रवाई की जद में आ चुके हैं।

Comments are closed.