पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर है। इस सस्पेंस पर शुक्रवार को विराम लग सकता है, जब भाजपा विधायक दल की बैठक में नए नेता का चुनाव किया जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता पहुंचेंगे और उनकी मौजूदगी में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की अहम बैठक होगी। पार्टी के अंदर इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसी बैठक में विधायक दल के नेता के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, बैठक न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में शाम चार बजे शुरू होगी। विधायक दल के नेता के चयन के साथ ही राज्य के अगले मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा भी हो सकती है।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का नाम बताया जा रहा है। सुवेंदु अधिकारी ने इस विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराकर भाजपा की बड़ी जीत का चेहरा बनने में अहम भूमिका निभाई है।
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार, 9 मई को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित किया जाएगा। सुबह 11 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं।
Comments are closed.