केंद्रीय मंत्री Bandi Sanjay Kumar के बेटे भगीरथ को पोक्सो मामले में अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने उसे शनिवार रात हिरासत में लिया था, जिसके बाद मजिस्ट्रेट ने 29 मई तक जेल भेजने का आदेश दिया।
भगीरथ के वकील करुणा सागर ने दावा किया कि यह गिरफ्तारी नहीं बल्कि आत्मसमर्पण था। उनका कहना है कि भगीरथ खुद पुलिस के सामने पेश हुआ था, जबकि पुलिस इसे गिरफ्तारी बता रही है।
यह मामला एक नाबालिग लड़की की मां की शिकायत के बाद दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि भगीरथ ने उसकी बेटी का यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने इस आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
दूसरी ओर, भगीरथ ने भी पुलिस में जवाबी शिकायत दी है। उसने आरोप लगाया कि लड़की और उसके परिवार ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया। भगीरथ का कहना है कि प्रस्ताव ठुकराने के बाद उससे पैसे मांगे गए और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई।
मामले पर केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने कहा कि उनके परिवार ने कोई गलत काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया के जरिए सच्चाई सामने आएगी और उनका परिवार खुद को निर्दोष साबित करेगा।
Comments are closed.