अमेरिका के इडाहो में आयोजित ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ के दौरान रविवार को बड़ा हादसा हो गया।
माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर प्रदर्शन कर रहे दो अमेरिकी लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकराकर क्रैश हो गए। टक्कर के बाद दोनों विमानों में आग लग गई और वे धू-धू कर जलने लगे। हालांकि, हादसे के बीच राहत की खबर यह रही कि दोनों विमानों में मौजूद चारों पायलट समय रहते इजेक्ट कर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। अधिकारियों के मुताबिक सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
स्थानीय समयानुसार यह दुर्घटना दोपहर करीब 12:30 बजे हुई, जब दोनों फाइटर जेट एयर शो के दौरान करतब दिखा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हवाई प्रदर्शन के बीच दोनों विमान अचानक बेहद करीब आ गए और टकरा गए। अमेरिकी नौसेना की प्रवक्ता कमांडर अमेलिया उमयम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों विमान EA-18G ग्रोवलर थे, जो वाशिंगटन के व्हिडबे द्वीप स्थित इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन-129 से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
एयर शो के आयोजन में मदद करने वाली संस्था सिल्वर विंग्स ऑफ इडाहो की मार्केटिंग डायरेक्टर किम साइक्स ने बताया कि सैन्य अड्डे पर मौजूद किसी भी दर्शक या कर्मचारी को कोई चोट नहीं पहुंची। घटना के बाद एयर फोर्स बेस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और सुरक्षा कारणों से एयर शो रद्द कर दिया गया।
Comments are closed.