अमेरिकी वायुसेना का क्लाउड सिस्टम हैकर्स के निशाने पर, संवेदनशील नेटवर्क में सेंध से बढ़ी चिंता

1

अमेरिकी वायुसेना के क्लाउड नेटवर्क पर हैकर्स का हमला, संवेदनशील सैन्य जानकारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

अमेरिका के रक्षा नेटवर्क पर साइबर हमले का एक और मामला सामने आया है। हैकर्स ने अमेरिकी वायुसेना के प्रमुख क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म ‘क्लाउड वन’ में सेंध लगा दी है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, तीन सूत्रों ने इस घुसपैठ की पुष्टि की है। इस घटना से अमेरिकी वायुसेना के रणनीतिक डेटा, कर्मचारियों के रिकॉर्ड और सैन्य लॉजिस्टिक्स से जुड़ी जानकारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

सूत्रों के मुताबिक, करीब एक महीने पहले सिस्टम अपग्रेड के दौरान साइबर घुसपैठ का पता चला था। इसके बाद पूरे प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा संबंधी प्रतिबंध लगाए गए और कई सेवाओं का काम प्रभावित हुआ। हालांकि, हमले के पीछे किस समूह का हाथ है और हैकर्स कितनी जानकारी तक पहुंच बनाने में सफल रहे, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि किसी डेटा की चोरी हुई है या नहीं।

अमेरिकी वायुसेना ने इस मामले पर विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया। रॉयटर्स को दिए बयान में विभाग ने कहा कि वह अपने नेटवर्क की सुरक्षा, कमजोरियों और परिचालन स्थिति से जुड़ी विशिष्ट जानकारियों पर टिप्पणी नहीं करता। साथ ही सैन्य सूचनाओं और मिशन क्षमताओं की सुरक्षा के लिए लगातार कदम उठाए जाते हैं।

2017 में शुरू हुआ था क्लाउड वन

क्लाउड वन को 2017 में अमेरिकी वायुसेना की आईटी सेवाओं को एकीकृत करने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। यह अमेरिका के बड़े सैन्य क्लाउड प्लेटफॉर्म में शामिल है। इसमें माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, ओरेकल और अल्फाबेट जैसी कंपनियों की तकनीकी सेवाओं का इस्तेमाल किया जाता है।

इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से कर्मचारियों का डेटा, वेतन, सैन्य आपूर्ति, लॉजिस्टिक्स और उपकरणों के रखरखाव से जुड़े कई एप्लिकेशन संचालित होते हैं।

क्लाउड वन पर एयरफोर्स का क्लाउड आधारित कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम भी काम करता है, जो उत्तरी अमेरिका के एयर डिफेंस रडार सहित विभिन्न स्रोतों से जानकारी जुटाता है। इसके अलावा थिएटर इंटीग्रेटेड कॉम्बैट म्यूनिशंस सिस्टम दुनिया भर के 200 से ज्यादा स्थानों पर बम और मिसाइलों को ट्रैक करता है।

घुसपैठ के बाद रोके गए सिस्टम अपडेट

  • साइबर हमले की जानकारी मिलने के बाद अमेरिकी वायुसेना ने क्लाउड वन की कई गतिविधियों पर रोक लगा दी। सूत्रों के अनुसार:
  • बैक-ऑफिस एप्लिकेशन को क्लाउड वन पर स्थानांतरित करने का काम रोक दिया गया।
  • मौजूदा एप्लिकेशन के अपडेट ब्लॉक कर दिए गए।
  • कुछ यूजर्स के एडमिन अधिकार वापस ले लिए गए।
  • प्लेटफॉर्म की सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई।

एक सूत्र ने बताया कि हैकर्स ने सॉफ्टवेयर की कमजोरी का फायदा उठाकर कंट्रोल प्लेन तक पहुंच बनाई। यह सिस्टम का वह महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके जरिए विभिन्न सेवाओं और संसाधनों को नियंत्रित किया जाता है।

इसके जरिए सैद्धांतिक रूप से विमानों की स्थिति और सैन्य स्पेयर पार्ट्स की आवाजाही जैसी जानकारियां देखी जा सकती थीं। हालांकि, इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि हमलावरों ने इन जानकारियों को हासिल किया या उनका इस्तेमाल किया।

अमेरिकी सैन्य साइबर कमांड कर रही जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी सैन्य साइबर कमांड को जांच में शामिल किया गया है। एजेंसियां घुसपैठ के तरीके, सिस्टम में मौजूद संभावित कमजोरियों और डेटा पर पड़े प्रभाव का पता लगा रही हैं।

गौरतलब है कि अमेरिका में हाल के दिनों में सरकारी संस्थानों को निशाना बनाकर कई साइबर हमले किए गए हैं। FBI, पेंटागन, होमलैंड सिक्योरिटी और ट्रेजरी विभाग से जुड़े मामलों के बीच वायुसेना के क्लाउड नेटवर्क में हुई यह सेंध अमेरिकी साइबर सुरक्षा के सामने एक नई चुनौती बनकर सामने आई है।

Comments are closed.