ईरान तनाव के बीच अमेरिका का बड़ा दांव, 95 अरब डॉलर का रक्षा बजट पास

1

अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने बुधवार को 95 अरब डॉलर के बजट फ्रेमवर्क को 216-214 मतों से मंजूरी दे दी।

इस प्रस्ताव का सबसे बड़ा हिस्सा रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा पर खर्च किया जाएगा। अब यह बिल मंजूरी के लिए सीनेट में पेश किया जाएगा, जहां इसे कड़ी परीक्षा से गुजरना होगा। बजट प्रस्ताव में 73 अरब डॉलर पेंटागन और अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के लिए आवंटित किए गए हैं। यह राशि ईरान से बढ़ते तनाव के बीच सैन्य तैयारियों और संबंधित अभियानों पर खर्च की जाएगी। इसके अलावा, ट्रंप प्रशासन की व्यापार नीतियों से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए 12 अरब डॉलर का प्रावधान भी किया गया है।

चुनावी कार्यक्रमों के लिए भी बड़ा फंड

प्रस्ताव में चुनावी व्यवस्था और मतदान से जुड़े कार्यक्रमों के लिए 10 अरब डॉलर की अतिरिक्त राशि रखी गई है। इसे नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनाव से पहले रिपब्लिकन पार्टी के सबसे अहम विधायी कदमों में से एक माना जा रहा है। चुनाव के नतीजे तय करेंगे कि पार्टी कांग्रेस में अपना बहुमत बरकरार रख पाती है या नहीं।

हालांकि, यह फिलहाल केवल एक बजट फ्रेमवर्क है। यदि सीनेट इसकी मंजूरी दे देती है, तो इसके आधार पर विस्तृत विनियोग और खर्च से जुड़े विधेयक तैयार किए जाएंगे।

माइक जॉनसन ने क्या कहा?

हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने कहा कि यह बजट प्रस्ताव रिपब्लिकन पार्टी के दो प्रमुख उद्देश्यों—अमेरिकी चुनाव प्रणाली को सुरक्षित बनाना और देश की सुरक्षा को मजबूत करना—की दिशा में अहम कदम है।

डेमोक्रेट्स ने जताया विरोध

डेमोक्रेटिक सांसद रोसा डेलाउरो ने इस प्रस्ताव की आलोचना करते हुए कहा कि अमेरिकी जनता मध्य पूर्व में एक और महंगे और लंबे युद्ध की बजाय महंगाई, स्वास्थ्य सेवाओं, आवास, बच्चों की देखभाल और ईंधन जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान चाहती है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई मिडटर्म चुनाव से पहले मतदाताओं का सबसे बड़ा मुद्दा बनी हुई है।

Comments are closed.