दिल्ली में CJP प्रदर्शन का असर, 16 मेट्रो स्टेशन आज भी रहेंगे बंद

0

जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘चलो संसद’ प्रदर्शन का असर गुरुवार को भी दिल्ली मेट्रो सेवाओं पर देखने को मिला।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने राजधानी के 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है। DMRC के अनुसार, सुबह 7:30 बजे से इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए एंट्री और एग्जिट पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी, जिससे यात्री लाइन बदल सकेंगे।

बुधवार को भी बंद रहे थे 16 स्टेशन

  • लोक कल्याण मार्ग
  • राजीव चौक
  • पटेल चौक
  • रामकृष्ण आश्रम मार्ग
  • बाराखंभा रोड
  • सुप्रीम कोर्ट
  • सेवा तीर्थ
  • जनपथ
  • मंडी हाउस
  • केन्द्रीय सचिवालय
  • आईटीओ
  • दिल्ली गेट
  • इंद्रप्रस्थ
  • खान मार्केट
  • जोर बाग
  • शिवाजी स्टेडियम

इससे पहले बुधवार को भी सुरक्षा कारणों से 16 मेट्रो स्टेशन शाम करीब 6:30 बजे तक बंद रखे गए थे। स्टेशन बंद रहने से दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और अन्य यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।

पहले भी उठाए गए थे सुरक्षा कदम

सोमवार को भी एहतियात के तौर पर दिल्ली मेट्रो के 7 स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। लगातार हो रहे प्रदर्शनों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

एक महीने से जारी है प्रदर्शन

नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्र संगठनों का जंतर-मंतर पर पिछले एक महीने से प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को आयोजित ‘चलो संसद’ मार्च को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जिसके चलते मेट्रो सेवाओं पर भी असर पड़ा है।

Comments are closed.