मणिपुर में फिर हिंसा भड़की, गोलीबारी में महिला की मौत; कुकी संगठनों ने 48 घंटे के बंद का किया आह्वान

1

मणिपुर में फिर बिगड़े हालात, दो गुटों की फायरिंग में महिला की मौत; कुकी संगठन का 48 घंटे बंद का ऐलान

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में गुरुवार को हुई गोलीबारी ने एक बार फिर तनाव बढ़ा दिया है। संदिग्ध उग्रवादी संगठनों के दो गुटों के बीच हुई फायरिंग में कुकी समुदाय की एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद कुकी संगठन ने जिले में 48 घंटे के पूर्ण बंद की घोषणा की है।

संगठन ने राज्य सरकार से जिले में तैनात सभी सुरक्षाबलों को वापस बुलाने की मांग की है। उसका आरोप है कि सुरक्षाबल स्थानीय नागरिकों की जान-माल की रक्षा करने में असफल रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी गुरुवार सुबह करीब 11 बजे कांगपोकपी जिले के ताफौ कुकी गांव और सेनापति जिले के सीमावर्ती इलाके कैलेंगजांग के पास हुई। इस दौरान खेत में काम कर रहीं के. चोंगलोई को गोली लग गई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

फायरिंग में एस. डेविड चोंगलोई और लामखोचोन चोंगलोई भी घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोलीबारी के बाद अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात

घटना के बाद संवेदनशील इलाके में सीआरपीएफ, बीएसएफ और असम राइफल्स के अतिरिक्त जवानों को भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। सुरक्षाबलों ने सेनापति जिले के नजदीक ताफौ गांव में तलाशी अभियान भी चलाया।

हालांकि, अभियान के दौरान स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं ने सुरक्षाबलों को गांव की तरफ बढ़ने से रोकने की कोशिश की।

दो युवकों की हत्या को लेकर पहले से तनाव

कांगपोकपी में ताजा घटना से पहले भी इलाके में तनाव बना हुआ था। ताफौ कुकी गांव के दो युवक 28 अक्टूबर को लापता हो गए थे। एक नवंबर को उनके शव पड़ोसी सेनापति जिले में बरामद किए गए थे। इस मामले को लेकर कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (सीओटीयू) लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है।

सीओटीयू की मांग है कि ताफौ कुकी गांव को सेनापति जिले के बजाय कांगपोकपी जिला पुलिस के प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र में रखा जाए। राज्य सरकार इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपने पर विचार कर रही है।

उखरुल में किसानों को बनाया निशाना

मणिपुर के उखरुल जिले में भी हिंसा की एक अन्य घटना सामने आई है। सिनाकेइथी के पास धान की कटाई कर रहे किसानों के समूह पर संदिग्ध उग्रवादियों ने गोलीबारी की। इसमें एक किसान घायल हो गया। सुरक्षाबलों ने उसे अस्पताल पहुंचाया और मौके पर मौजूद अन्य किसानों को सुरक्षित बाहर निकाला।

उधर, चूड़चंदपुर जिले में सुरक्षाबलों ने बुधवार को तलाशी अभियान के दौरान हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया। इसमें करीब 10 फीट लंबा एक रॉकेट, चीन निर्मित चार मोर्टार और छह इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) शामिल हैं।

एक अन्य कार्रवाई में कांगपोकपी जिले में यात्री बस की तलाशी के दौरान 1.147 किलोग्राम मेथामफेटामाइन टैबलेट जब्त की गईं। मेथामफेटामाइन एक मादक पदार्थ है।

सभी समुदायों को एक मंच पर लाने की तैयारी

राज्य में जारी तनाव के बीच मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने सभी समुदायों को प्रतिनिधित्व देने वाली एक समिति गठित करने की योजना का ऐलान किया है। इसका मकसद विभिन्न समुदायों के बीच आपसी समझ और सौहार्द को बढ़ावा देना है।

आईएएनएस के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने इंफाल स्थित सचिवालय में मणिपुर के 10 जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में यह बात कही। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राज्य में विभिन्न समुदायों को एक साझा मंच पर लाने की संभावना के बारे में जानकारी मांगी थी।

प्रधानमंत्री यह जानना चाहते थे कि क्या मणिपुर में ऐसा कोई मंच मौजूद है, जो सभी समुदायों के बीच एकता को मजबूत कर सके। मुख्यमंत्री ने हाल ही में नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात कर राज्य के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की थी। इसी के बाद सरकार ने साझा समिति गठित करने की दिशा में आगे बढ़ने का फैसला किया है।

Comments are closed.