अमेरिका के वाशिंगटन राज्य में मंगलवार सुबह एक पल्प और पेपर मिल में हुए भीषण विस्फोट से भारी तबाही मच गई।
स्थानीय अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन के मुताबिक, मिल के अंदर मौजूद एक केमिकल टैंक में धमाका होने से कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के बाद नौ कर्मचारियों के लापता होने की सूचना है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय दमकल विभाग और कंपनी अधिकारियों ने पूरे इलाके को ‘मास कैजुअल्टी सीन’ घोषित कर दिया है।
यह घटना दक्षिण-पश्चिमी वाशिंगटन स्थित पल्प और पेपर मिल में मंगलवार सुबह करीब 7:15 बजे हुई। बताया जा रहा है कि मिल के भीतर स्थित एक बड़े रासायनिक टैंक में अचानक विस्फोट हुआ, जिससे पूरी यूनिट हिल गई और आसपास का हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही करीब 40 दमकलकर्मी, पैरामेडिक्स और खतरनाक रसायनों से निपटने वाली विशेष टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और लापता कर्मचारियों की तलाश जारी रखी।
‘निप्पॉन डायनावैव पैकेजिंग कंपनी’ और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की ओर से जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि कई कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि कुछ लोग जहरीली गैस के संपर्क में आने से प्रभावित हुए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
वाशिंगटन राज्य के पारिस्थितिकी विभाग के अनुसार, इस लिक्विड पैकेजिंग और पेपर मिल में करीब एक हजार कर्मचारी कार्यरत हैं। यहां टिशू पेपर, प्रिंटिंग पेपर, कार्टन और कप-प्लेट निर्माण से जुड़ी सामग्री तैयार की जाती है। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को सील कर दिया है और विशेषज्ञ टीम मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
Comments are closed.