भारतीय मौसम विभाग ने बुधवार के लिए देश के कई हिस्सों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 28 राज्यों में बारिश, गरज-चमक, आंधी और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। मौसम के इस बदलाव के साथ मैदानी इलाकों में सर्दियों की आहट महसूस होने लगी है।
हिमाचल में बारिश के साथ ओलावृष्टि
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार से मौसम ने करवट ली। कई जिलों में रातभर बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। किन्नौर जिले के चौरा और तरंडा पंचायत क्षेत्रों में हुई तेज ओलावृष्टि से किसानों की फसलों और सब्जियों को नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय किसानों के मुताबिक, ओलों से खेतों में खड़ी फसलें और सब्जियों के पौधे क्षतिग्रस्त हुए हैं। इससे पैदावार प्रभावित होने की आशंका है। अचानक बदले मौसम ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है।
पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।
उत्तराखंड समेत पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 7 से 12 अक्टूबर के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी होने की भी संभावना है।
दिल्ली-NCR में बादल, तापमान 35 डिग्री तक
दिल्ली-NCR में 7 अक्टूबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिन के दौरान हवाएं 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
बिहार समेत इन राज्यों में आंधी और बिजली का अलर्ट
बिहार के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों के दौरान यह 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है।
झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में भी बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक, आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। दक्षिण और पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भी छिटपुट बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले इलाकों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
Comments are closed.