UP Weather: आज राहत, कल फिर आफत—लखनऊ-वाराणसी में मौसम साफ, आंधी-पानी की चेतावनी

3

प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में शुक्रवार को आई आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम में बड़ा बदलाव ला दिया।

कई इलाकों में तापमान 4 से 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। राजधानी लखनऊ में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। इसके चलते दिन और रात के तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि यह राहत अस्थायी है। सोमवार से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं, जिसके प्रभाव से पूर्वी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक अगले 2-3 दिनों में आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बीते दो दिनों की बारिश और तेज हवाओं ने तापमान को काफी नीचे ला दिया है। शुक्रवार देर रात लखनऊ, अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर, सुल्तानपुर, अमेठी, वाराणसी, कानपुर, उन्नाव, बलिया और गाजीपुर समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे दिन का तापमान घटकर 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

हालांकि, प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। उरई लगातार दूसरे दिन 41.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा, जबकि हरदोई में 17 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को बारिश का दायरा सिमट गया और पूर्वी व तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। इसका असर रविवार तक रह सकता है। इसके बाद तापमान में फिर से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के आसार हैं, लेकिन सप्ताह की शुरुआत के साथ ही मौसम फिर करवट ले सकता है।

Comments are closed.