2004 में PM बनने से सोनिया गांधी ने क्यों किया था इनकार? पहले ‘बिल्कुल नहीं’, फिर ‘ठीक है’ और आखिर में कहा ‘No’

2

सोनिया गांधी ने क्यों ठुकराया था प्रधानमंत्री पद? 2004 के उस फैसले की पूरी कहानी आई सामने

साल 2004 में लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद भारतीय राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला था। कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को सत्ता मिलने के बाद सोनिया गांधी का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा था। हालांकि, तमाम राजनीतिक हलचलों और सहयोगी दलों की मांग के बावजूद उन्होंने इस पद को स्वीकार नहीं किया। अब अपनी नई आत्मकथा में सोनिया गांधी ने उस फैसले के पीछे की परिस्थितियों और परिवार के साथ हुई बातचीत का खुलासा किया है।

सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ मंगलवार को बाजार में आई। इसमें उन्होंने बताया है कि प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर उनका जवाब शुरुआत में साफ तौर पर ‘बिल्कुल नहीं’ था। गठबंधन सहयोगियों के दबाव में उन्होंने एक बार ‘ठीक है’ भी कहा, लेकिन बाद में अपने फैसले से पीछे हट गईं।

राहुल और प्रियंका नहीं चाहते थे मां बनें प्रधानमंत्री

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा अपनी मां के प्रधानमंत्री बनने के पक्ष में नहीं थे।

दोनों ने बचपन में अपनी दादी इंदिरा गांधी की हत्या और पिता राजीव गांधी की बम विस्फोट में हुई मौत का दर्दनाक दौर देखा था। परिवार में हुई इन घटनाओं के कारण उन्हें डर था कि प्रधानमंत्री बनने पर उनकी मां की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

सोनिया ने बताया कि 2004 के आम चुनाव से पहले बच्चों ने उनसे पूछा था कि यदि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो क्या वह प्रधानमंत्री बनेंगी। इस पर उन्होंने बिना किसी झिझक के जवाब दिया था- ‘बिल्कुल नहीं।’ दोबारा पूछने पर भी उन्होंने यही बात दोहराई थी।

गठबंधन सहयोगियों के दबाव में कहा ‘ठीक है’

चुनाव में जीत के बाद 10 जनपथ स्थित राजीव गांधी के कॉन्फ्रेंस रूम में गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई। इस दौरान सहयोगी दलों के नेताओं ने सोनिया गांधी से प्रधानमंत्री पद संभालने की अपील की।

सोनिया गांधी के मुताबिक, जब उन्होंने इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार किया तो बैठक में मौजूद नेता अपनी जगह से उठकर उनके पास आ गए। उन्होंने सोनिया को घेर लिया और कहा कि वे उनका इनकार स्वीकार नहीं करेंगे।

लगातार विरोध और दबाव के बीच सोनिया ने बेहद धीमी आवाज में ‘ठीक है’ कह दिया। नेताओं ने इसे उनकी सहमति समझ लिया और उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया।

राहुल ने जताई नाराजगी, प्रियंका ने दिया साथ

बैठक के बाहर मौजूद प्रियंका गांधी ने जब अपनी मां को सहमति देते सुना तो वह भावुक हो गईं। वह तुरंत राहुल गांधी के पास पहुंचीं और उन्हें बताया कि नेताओं के दबाव में मां ने प्रधानमंत्री बनने के लिए हां कर दी है।

यह सुनकर राहुल अपनी मां के पास पहुंचे और उनसे सवाल किया कि उन्होंने ऐसा क्यों किया। सोनिया ने जवाब दिया कि नेता उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे और उन पर लगातार दबाव बना रहे थे।

प्रियंका ने भी अपनी मां को याद दिलाया कि वह पहले ही इस पद को स्वीकार नहीं करने का फैसला कर चुकी थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी के दबाव में आने की जरूरत नहीं है और पूरा परिवार उनके साथ है।

रातभर सोचने के बाद बदला नहीं अपना इरादा

सोनिया गांधी ने लिखा है कि उस रात वह काफी देर तक अपने कमरे में लेटी रहीं। उनके मन में प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने और अपने पहले के फैसले पर कायम रहने को लेकर विचारों का संघर्ष चलता रहा।

एक तरफ देश का नेतृत्व करने और पार्टी के प्रति जिम्मेदारी निभाने का सवाल था, तो दूसरी तरफ परिवार की चिंताएं और अपनी व्यक्तिगत इच्छा थी। आखिरकार उन्होंने तय किया कि वह अपने मन की बात सुनेंगी और प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करेंगी।

अगली सुबह उन्होंने राहुल गांधी को अपने अंतिम फैसले की जानकारी दी। राहुल ने मां को गले लगाकर उनके निर्णय का समर्थन किया।

सोनिया ने मनमोहन सिंह को चुना अपना उत्तराधिकारी

इसके बाद कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में भी सांसदों ने सोनिया गांधी से प्रधानमंत्री बनने का आग्रह किया। हालांकि, उन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज का हवाला देते हुए पद संभालने से साफ इनकार कर दिया।

सोनिया ने सांसदों से अपने उत्तराधिकारी का नाम प्रस्तावित करने की अनुमति मांगी। इसके बाद उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए आगे रखा।

उनकी आत्मकथा के अनुसार, मनमोहन सिंह के नाम की घोषणा होते ही बैठक में मौजूद सांसदों ने जोरदार तालियां बजाईं। राहुल और प्रियंका भी इस दौरान तालियां बजा रहे थे। सोनिया ने अपने कागजात समेटे और मंच से नीचे उतर गईं।

इस फैसले के साथ 2004 में प्रधानमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा और डॉ. मनमोहन सिंह ने देश के प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली।

Comments are closed.