शी चिनफिंग का अमेरिका में भव्य स्वागत, ट्रंप-मेलानिया ने एयरपोर्ट पर किया रिसीव; दिखा दुर्लभ नजारा

1

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग बुधवार को अमेरिका की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर पहुंचे।

जॉइंट बेस एंड्रयूज पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने खुद उनका स्वागत किया। इस दौरान ट्रंप के साथ फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप भी मौजूद थीं। दोनों ने शी चिनफिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन से मुलाकात कर हाथ मिलाया।

शी के स्वागत के लिए एयरबेस पर विशेष इंतजाम किए गए थे। ट्रंप को लंबे कोट और दस्ताने में देखा गया। सैन्य बैंड की धुनों के बीच दोनों राष्ट्राध्यक्ष रनवे पर साथ खड़े रहे। इसके बाद दो बी-1 बॉम्बर विमानों ने फ्लाईओवर किया। एयरबेस पर छह एफ-22 और छह एफ-16 लड़ाकू विमान भी तैनात किए गए थे। चीनी राष्ट्रपति के स्वागत के लिए लाल कालीन भी बिछाया गया।

एयरपोर्ट पर हुआ यह औपचारिक स्वागत इसलिए भी महत्वपूर्ण माना गया क्योंकि मई में ट्रंप की चीन यात्रा के दौरान उन्हें इस स्तर का व्यक्तिगत एयरपोर्ट रिसेप्शन नहीं मिला था।

शुक्रवार तक अमेरिका में रहेंगे शी

शी चिनफिंग का अमेरिकी दौरा शुक्रवार सुबह तक चलेगा। गुरुवार को व्हाइट हाउस में उनके सम्मान में राजकीय भोज आयोजित किया जाएगा। शुक्रवार को दोनों राष्ट्रपति और उनकी पत्नियां चाय पार्टी में शामिल होंगी। इसके बाद वे नेशनल आर्काइव्स का दौरा करेंगे, जहां अमेरिकी स्वतंत्रता की घोषणा सुरक्षित रखी गई है।

व्यापार और एआई समेत कई मुद्दों पर बातचीत

गुरुवार को ट्रंप और शी की बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, व्यापार और ईरान समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है। जानकारों के अनुसार, बातचीत का फोकस किसी बड़े नए समझौते के बजाय मौजूदा कूटनीतिक और व्यापारिक युद्धविराम को बनाए रखने पर हो सकता है।

टैरिफ को लेकर दोनों देशों के बीच बनी सहमति को आगे बढ़ाने का मुद्दा भी बातचीत में शामिल हो सकता है। इसके अलावा एआई के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच संवाद और संपर्क बनाए रखने के लिए संचार चैनल विकसित करने पर भी चर्चा होने की संभावना है।

Comments are closed.