गाजा में इजरायल का हमला जारी, अब तक 51 हजार लोगों ने गंवाई जान; मालदीव ने लगाई पाबंदी

0 73

इजरायली सेना की गाजा और वेस्ट बैंक में कार्रवाई जारी है। बुधवार को गाजा में इजरायली हमलों में 22 लोग मारे गए। मारे गए लोगों में छह महीने की बच्ची भी शामिल है, उसकी मां घायल हुई है।

मार्च में खत्म हुए युद्धविराम के बाद से अभी तक इजरायली हमलों में करीब 1,650 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं, जबकि अक्टूबर 2023 से कुल 51 हजार लोग मारे गए हैं। इजरायली सेना का दावा है कि इनमें बड़ी संख्या हमास और अन्य संगठनों के आतंकियों की है।

हमास से नहीं बन पा रही सहमति
इजरायल ने कहा है कि अपने बंधक नागरिकों की रिहाई न होने तक वह गाजा पर हमले जारी रखेगा। जबकि हमास ने कहा है कि वह पूर्व में हुए समझौते के मुताबिक गाजा से इजरायली सेना की पूर्ण वापसी और स्थायी युद्धविराम के बगैर बंधकों को रिहा नहीं करेगा। फलस्तीनी बहुल वेस्ट बैंक में भी इजरायली सेना ने दसियों हजार लोगों को विस्थापित किया है।

ये लोग विभिन्न स्थानों पर शरण लेकर दिन काट रहे हैं। उन्हें आशंका है कि जल्द ही उन्हें फिर हटाया जाएगा। बुधवार को दक्षिणी लेबनान में भी इजरायली सेना ने ड्रोन हमले किए। इन हमलों में दो लोग मारे गए। संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि लेबनान में नवंबर से लागू युद्धविराम के बावजूद वहां पर इजरायली हमलों में 70 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।
युद्धविराम से पहले चली लड़ाई में इजरायल और लेबनान के चार हजार से ज्यादा लोग मारे गए थे। इस बीच यमन में हाउती समूह पर अमेरिकी कार्रवाई में वहां पर जान-माल के भारी नुकसान की खबर है।

मालदीव ने इजरायली लोगों के आने पर रोक लगाई
मालदीव ने अपने आव्रजन कानून को बदलते हुए इजरायली पासपोर्ट धारकों के आने पर रोक लगा दी है। मालदीव सरकार ने यह कदम गाजा युद्ध के विरोध में उठाया है। कानून में बदलाव का प्रस्ताव सोमवार को मालदीव की संसद ने पारित कर दिया था, मंगलवार को राष्ट्रपति मुहम्मद मुइज्जू ने इसे स्वीकृति दे दी।

राष्ट्रपति कार्यालय ने बदली व्यवस्था लागू होने की सूचना दी है। लेकिन सरकार ने स्पष्ट नहीं किया है कि यह रोक दोहरी नागरिकता वाले इजरायली मूल के लोगों पर लागू होगी या नहीं।

Leave A Reply