राजधानी मुंबई में आधी रात से हो रही लगातार बारिश का असर सोमवार सुबह रेल यातायात पर भी पड़ रहा है.
मध्य रेलवे, हार्बर और वेस्टर्न रेलवे की लोकल सेवाएं प्रभावित हुई हैं, जिससे दफ्तर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मध्य रेलवे की मेन लाइन पर कल्याण की ओर जाने वाली धीमी लोकल ट्रेनें 5 मिनट की देरी से चल रही हैं, जबकि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) की ओर आने वाली तेज लोकल ट्रेनों में औसतन 10 मिनट की देरी दर्ज की गई है. धीमी लोकल सेवाएं भी सामान्य से 5 मिनट देरी से चल रही हैं.
हार्बर लाइन की सेवाएं भी बारिश के कारण धीमी गति से शुरू हुई हैं. वहीं, वेस्टर्न रेलवे की लोकल ट्रेनों में भी 5 मिनट तक की देरी देखी जा रही है.मुंबई के कुर्ला, विद्या विहार, सायन, दादर और परेल जैसे इलाकों में अभी भी हल्की से मध्यम बारिश जारी है.
भारत मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ घंटों तक मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है. इसके चलते मुंबईकरों को सुबह भीगते हुए दिन की शुरुआत करनी पड़ सकती है.मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि बारिश की तीव्रता बनी रह सकती है और निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो सकती है. बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें. बीती रात भी कई इलाकों में भारी बारिश के चलते जलभराव की स्थिति पैदा हो गई थी, जिससे आवागमन बाधित हुआ था. प्रशासन ने स्थिति पर निगरानी बनाए रखने की बात कही है.
अजित पवार ने बारामती का दौरा किया रद्द
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए. बारामती, इंदापूर और सोलापुर के लिए एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गईं है. मुंबई के साथ ही अन्य इलाकों में भी तेज बारिश हो रही है. अजित पवार ने अपना बारामती दौरा रद्द कर दिया है.
कई जिलों के लिए अलर्ट जारी
आज के लिए IMD ने रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मुंबई, ठाणे, पालघर और महाराष्ट्र के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. अगले 3-4 घंटों में राज्य के कुछ जिलों में 50-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज़ हवाओं के साथ गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना है. प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है.
मुंबई में समय से पहले मॉनसून ने दी दस्तक
IMD के अनुसार, इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून ने सामान्य से पहले ही महाराष्ट्र में दस्तक दे दी है और अगले कुछ दिनों में मुंबई में तेज़ बारिश के साथ पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है. मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि आने वाले समय में मध्यम से भारी वर्षा की संभावना है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
बीएमसी ने 24×7 वॉर रूम बनाया
बीएमसी ने 24×7 आपदा नियंत्रण कक्ष यानी वॉर रूम सक्रिय कर दिया है, जहां नागरिक किसी भी आपात स्थिति की सूचना दे सकते हैं और सहायता प्राप्त कर सकते हैं, साथ ही लोकल ट्रेन सेवाओं और बसों के संचालन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. नागरिकों से अपील की गई है कि वे खराब मौसम के दौरान बिना ज़रूरत घर से बाहर न निकलें, जलभराव वाले इलाकों से बचें और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में नगर निगम द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत संपर्क करें.
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.