ईरान पर फिर गरजे नेतन्याहू, बोले- परमाणु ठिकानों को नष्ट करने को तैयार, अमेरिका की मंज़ूरी जरूरी नहीं

3

नेतन्याहू की ईरान को खुली चेतावनी: अमेरिका की मंजूरी का इंतजार नहीं, परमाणु ठिकानों पर हमला तय

इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनका देश ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोकने के लिए किसी भी विदेशी सरकार की अनुमति का मोहताज नहीं है। उन्होंने दो टूक कहा, “हमें अमेरिका की हरी झंडी की जरूरत नहीं।”

कान पब्लिक ब्रॉडकास्टर को दिए इंटरव्यू में नेतन्याहू ने कहा, “हम अपने सभी लक्ष्यों को हासिल करेंगे और ईरान की सभी परमाणु सुविधाओं पर हमला करेंगे। हमारे पास ऐसा करने की पूरी क्षमता है।”

अमेरिका साथ आए या नहीं, इज़राइल तैयार
नेतन्याहू ने स्पष्ट किया कि अमेरिका इस अभियान में शामिल होता है या नहीं, इज़राइल अपने राष्ट्रीय हितों के अनुरूप कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा, “अमेरिका वही करेगा जो उसके लिए बेहतर है, और हम वही करेंगे जो इज़राइल के लिए ज़रूरी है।”

आधे से ज्यादा मिसाइल ठिकाने ध्वस्त: दावा
इज़राइली प्रधानमंत्री ने दावा किया कि अब तक ईरान के लगभग आधे मिसाइल लॉन्चर तबाह किए जा चुके हैं और कई प्रमुख सैन्य अधिकारियों को निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान अपने तय समय से आगे चल रहा है।

ट्रंप से नियमित बातचीत
नेतन्याहू ने बताया कि उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से लगभग हर दिन बात होती है। उन्होंने ट्रंप द्वारा इज़राइल के आत्मरक्षा अधिकार को दिए समर्थन की सराहना की। साथ ही पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन की नीति की आलोचना की, जिसने इज़राइल की कार्रवाई पर कथित रूप से सीमाएं तय करने की कोशिश की थी।

शासन परिवर्तन ईरान का आंतरिक मामला
शासन परिवर्तन पर पूछे गए सवाल के जवाब में नेतन्याहू ने कहा, “यह फैसला ईरानी जनता को करना है। हम किसी सरकार को बदलने नहीं जा रहे, लेकिन आत्मरक्षा का हक हमारा है।”

Comments are closed.