धुएं के गुबार में तब्दील हुआ रूसी विमान, हादसे में सभी 49 की मौत

5

रूस में बड़ा विमान हादसा: एएन-24 क्रैश का वीडियो सामने आया, सभी 49 लोगों की मौत की आशंका

रूस के साइबेरिया क्षेत्र में गुरुवार, 24 जुलाई को एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 49 लोग सवार थे, जिनमें 43 यात्री (पांच बच्चे समेत) और चालक दल के छह सदस्य शामिल थे। हादसे के बाद का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें क्रैश के भयावह दृश्य और धुएं के गुबार देखे जा सकते हैं।

यह विमान अंगारा एयरलाइंस का ट्विन इंजन एंटोनोव-24 (AN-24) था, जो ब्लागोवेशचेंस्क से टिंडा की ओर जा रहा था। रास्ते में यह रडार से गायब हो गया। बाद में रेस्क्यू टीम ने टिंडा से लगभग 16 किलोमीटर दूर एक पहाड़ी पर विमान का जलता हुआ मलबा देखा।

रूसी न्यूज चैनल RT द्वारा शेयर की गई 8-सेकंड की क्लिप में घटनास्थल पर उठता धुआं और जले हुए मलबे का दृश्य सामने आया है, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

स्थानीय प्रशासन और बचाव एजेंसियां राहत अभियान में जुटी हैं। अमूर क्षेत्र की नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने बताया कि अब तक 25 बचावकर्मी और पांच उपकरण इकाइयां घटनास्थल की ओर भेजी गई हैं, जबकि चार विमान स्टैंडबाय पर हैं।

रूस के आपातकालीन स्थिति मंत्रालय ने पुष्टि की है कि उन्हें विमान का “जलता हुआ धड़” मिला है, लेकिन जीवित बचे लोगों का कोई संकेत नहीं मिला है। क्षेत्रीय गवर्नर वासिली ओर्लोव ने टेलीग्राम पर जानकारी दी कि विमान के सभी 49 लोगों की मौत की आशंका है।

अभी हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Comments are closed.