सावन का तीसरा सोमवार आज, ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठी छोटी काशी

2

सावन का तीसरा सोमवार आज, भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठी छोटी काशी, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

श्रावण मास का तीसरा सोमवार आज श्रद्धा और भक्ति की गूंज के साथ मनाया जा रहा है। कल पड़ने वाली नाग पंचमी को देखते हुए भक्तों की भारी भीड़ शिव मंदिरों में उमड़ने की संभावना है। छोटी काशी के प्राचीन शिव मंदिरों में दर्शन व जलाभिषेक के लिए देशभर से श्रद्धालु जुटने लगे हैं।

हर वर्ष की तरह इस बार भी लाखों भक्त सावन के पावन महीने में पौराणिक शिव मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। रविवार से ही दूर-दराज से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था, जिससे शहर में धार्मिक वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।

प्रशासन की पुख्ता तैयारियां, शहर बना छावनी

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। शिव मंदिर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरियर लगाकर ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है। पुलिस बल की भारी तैनाती के बीच शहर पूरी तरह नियंत्रण में है।

शहर में ई-रिक्शा का संचालन सोमवार रात तक बंद रहेगा, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

प्रशासनिक शिविर और चिकित्सा टीम तैनात

शिव मंदिर के पास एक अस्थायी प्रशासनिक शिविर स्थापित किया गया है, जहां अधिकारी लगातार निगरानी में रहेंगे। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए डॉक्टरों की एक टीम भी मौके पर मौजूद रहेगी।

बस संचालन और यातायात डायवर्जन

सावन सोमवार और नाग पंचमी को देखते हुए रोडवेज बसों का संचालन मोहम्मदी रोड स्थित राधेश्याम राइस मिल के पास बनाए गए अस्थायी बस अड्डे से किया जा रहा है।
मुख्य मार्गों पर यातायात के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया है:

लखीमपुर से आने वाले वाहन मोहम्मदी बाईपास से आगे बढ़ेंगे।

अलीगंज, गोला, शाहजहांपुर व खुटार की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया है।

यह व्यवस्था सोमवार और नाग पंचमी तक प्रभावी रहेगी।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था

  • शहर में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था भी सुव्यवस्थित की गई है:
  • लखीमपुर से आने वाले वाहनों के लिए रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पशु बाजार में पार्किंग।
  • अलीगंज की ओर से आने वाले वाहनों के लिए मंडी समिति व मिल ट्रक यार्ड में।
  • आवश्यकता होने पर खुटार रोड पर न्यू बादल सिटी का उपयोग भी किया जाएगा।

सुरक्षा में कोई चूक नहीं

शहर की सुरक्षा व्यवस्था में तीन क्षेत्राधिकारी (CO), 12 निरीक्षक, 40 उपनिरीक्षक, 180 हेड कांस्टेबल, 30 ट्रैफिक पुलिसकर्मी, आठ टीएसआई और 50 होमगार्ड तैनात किए गए हैं।

सुबह 2 बजे से खुले कपाट, दर्शन का सिलसिला जारी

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिव मंदिर के कपाट सोमवार तड़के 2 बजे से ही खोल दिए गए। भक्तों का सैलाब जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए लगातार मंदिर पहुंच रहा है।

Comments are closed.