यूपी-दिल्ली में झमाझम बारिश, पंजाब में बाढ़ के हालात, बिहार में हाहाकार

3

उत्तर भारत में बारिश-बाढ़ का कहर, कई राज्यों में हालात बिगड़े

उत्तर भारत में बारिश और बाढ़ से फिलहाल राहत की कोई संभावना नहीं है। दिल्ली-एनसीआर और यूपी के कई जिलों में बुधवार रात से झमाझम बारिश जारी है। मौसम विभाग ने भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है, जो अगले एक सप्ताह तक रह सकता है।

हिमालयी तराई और उत्तराखंड में संकट
अगस्त की शुरुआत से लगातार बारिश ने उत्तराखंड और उत्तर बिहार की स्थिति गंभीर कर दी है। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती सर्कुलेशन पश्चिम की ओर बढ़ रहा है, जिससे असर और बढ़ सकता है।

उत्तराखंड में बद्रीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब यात्राएं स्थगित हैं। भूस्खलन से यमुनोत्री मार्ग बाधित, गंगोत्री धाम यात्रा बंद और कई चारधाम राजमार्ग खतरनाक स्थिति में हैं। सोनप्रयाग में केदारनाथ जाने की कोशिश पर पुलिस और यात्रियों में टकराव हुआ, वहीं ऋषिकेश में भूस्खलन से एक ट्रक गंगा में गिरा और दो लोग बह गए।

पंजाब के पांच जिलों में बाढ़ जैसे हालात
अमृतसर में ब्यास और सतलुज नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। गुरदासपुर, कपूरथला, होशियारपुर, अमृतसर और फिरोजपुर प्रभावित हैं। कपूरथला में अस्थायी बांध टूटने से 16 गांव पानी से घिरे। जालंधर में रातभर बारिश से तापमान घटा, लेकिन जलभराव बढ़ा।

बिहार में 25 लाख प्रभावित, बांध टूटा
पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर और कटिहार में बाढ़ का प्रकोप है। गोपालपुर प्रखंड में रिंग बांध टूटने से दर्जनों घर बह गए, 3,400 लोग बेघर हो गए। अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है।

यूपी में जलस्तर बढ़ा, पांच की मौत
पहाड़ों पर बारिश के कारण गंगा, रामगंगा और गागर समेत कई नदियां उफान पर हैं। विभिन्न जिलों में बाढ़ के पानी में डूबने से एक सिपाही समेत पांच लोगों की मौत हो गई।

Comments are closed.