एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करने वाला शूटर मुठभेड़ में गिरफ्तार
गुरुग्राम में यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करने वाला आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने रविवार को मुठभेड़ के बाद शूटर इशांत उर्फ इशू गांधी को गिरफ्तार किया। इस दौरान उसके पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, इशांत ने ऑटोमैटिक पिस्टल से आधा दर्जन से ज्यादा राउंड फायर किए, लेकिन जवाबी कार्रवाई में वह पकड़ा गया।
घटना कैसे हुई थी
रविवार सुबह सेक्टर-57 स्थित एल्विश यादव के घर के बाहर दो नकाबपोश बदमाश बाइक से आए और दो दर्जन से ज्यादा गोलियां चला दीं। सीसीटीवी फुटेज में दोनों हमलावरों को गोलीबारी कर भागते हुए देखा गया। हमले की जिम्मेदारी ‘भाऊ गिरोह’ ने ली थी। फायरिंग घर के ग्राउंड और पहले माले पर की गई थी, जबकि एल्विश यादव का परिवार ऊपर की मंजिल पर मौजूद था। घटना के तुरंत बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके की जांच शुरू कर दी और सीसीटीवी खंगाले।
विवादों में रहे हैं एल्विश
एल्विश यादव सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के साथ-साथ कई बार विवादों में भी रहे हैं। पिछले साल उन पर सांप के जहर की सप्लाई और रेव पार्टियों में इस्तेमाल का गंभीर आरोप लगा था। इस मामले में उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी, हालांकि उन्होंने आरोपों को गलत बताया था। फिलहाल यह केस कोर्ट में लंबित है।
Comments are closed.