लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सोमवार को पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे।
उनका कार्यक्रम अमृतसर और गुरदासपुर जिलों पर केंद्रित है, जहां वे दिनभर अलग-अलग स्थानों पर बाढ़ पीड़ितों और किसानों से मुलाकात करेंगे।
राहुल गांधी का दौरा कार्यक्रम
सुबह 10:15 बजे: अमृतसर के अजनाला स्थित रमदास गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा साहिब में बाढ़ प्रभावितों से मुलाकात।
सुबह 11:45 बजे: गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक के गांव गुरचक्क में किसानों से बातचीत।
दोपहर 1:45 बजे: गुरदासपुर के दीनानगर के मकोड़ा पत्तन में बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात।
भाजपा का हमला
राहुल गांधी के इस दौरे से पहले ही पंजाब भाजपा ने सवाल उठाए हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल आठ राज्यों में सत्ता में हैं, लेकिन बाढ़ प्रभावित पंजाब के लिए अब तक क्या किया गया, यह जनता को बताया जाए। भाजपा ने यह भी याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई केंद्रीय मंत्री पहले ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं और राहत कार्यों की समीक्षा की है।
कांग्रेस का पलटवार
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी हमेशा किसानों और बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि राहुल गांधी का दौरा किसानों और प्रभावित परिवारों का दर्द बांटने के लिए है, न कि सिर्फ राजनीति के लिए।
राजनीतिक संदेश
विशेषज्ञों का मानना है कि बाढ़ राहत को लेकर सभी पार्टियां 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर सक्रिय हो गई हैं। आम आदमी पार्टी सरकार ने राहत कार्यों में अपने मंत्री झोंक दिए हैं, जबकि कांग्रेस ने दो करोड़ रुपये की राहत सामग्री बांटने का दावा किया है। भाजपा और अकाली दल भी बाढ़ पीड़ितों तक पहुंच बनाकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में हैं।
Comments are closed.