वनडे क्रिकेट में वेस्टइंडीज का चमत्कार: बनाया ऐसा अनोखा रिकॉर्ड, जिसे देख दुनिया रह गई दंग

5

वेस्टइंडीज ने रचा वनडे इतिहास, पूरे 50 ओवर स्पिनरों से फेंककर किया कमाल।

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने वनडे क्रिकेट में ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जो अब तक कभी दर्ज नहीं हुआ था। ढाका में खेले गए तीन मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे में कैरेबियाई टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ पूरी पारी के सभी 50 ओवर केवल स्पिनरों से फेंकवाए — यह वनडे इतिहास में पहली बार हुआ है।

शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कप्तान शाई होप ने एक भी ओवर तेज़ गेंदबाजों को नहीं दिया। वेस्टइंडीज के पांच स्पिनरों — अकील हुसैन, रोस्टन चेज, खेरी पियरे, गुडाकेश मोती, और एलिक अथांजे — ने 10-10 ओवर पूरे किए और शानदार नियंत्रण दिखाया। गुडाकेश मोती ने 10 ओवर में 65 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि अकील हुसैन और एलिक अथांजे ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। चेज़ और पियरे भले विकेट नहीं ले सके, लेकिन उन्होंने किफायती गेंदबाजी से दबाव बनाए रखा।

बांग्लादेश की टीम निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट पर 213 रन ही बना सकी। सौम्य सरकार ने 45, रिशाद हुसैन ने 14 गेंदों पर नाबाद 39, कप्तान मेहिदी हसन मिराज ने 32* और नुरुल हसन ने 23 रन बनाए। शाई होप का यह रणनीतिक फैसला वेस्टइंडीज के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ — क्योंकि वनडे क्रिकेट के 50 साल के इतिहास में कभी भी किसी टीम ने सभी 50 ओवर स्पिनरों से नहीं फेंकवाए थे।

Comments are closed.