जुबीन गर्ग की नई फिल्म ‘रोई-रोई बिनाले’ ने मचाया धमाल, 800 स्क्रीन पर हाउसफुल शो और रिकॉर्ड एडवांस बुकिंग
जुबीन गर्ग की आखिरी फिल्म ‘रोई-रोई बिनाले’ रिलीज, असम में हाउसफुल शो और भावनाओं का सैलाब
इंडियन म्यूजिक इंडस्ट्री के दिग्गज सिंगर जुबीन गर्ग की आखिरी फिल्म ‘रोई-रोई बिनाले’ आज, 31 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। जुबीन के असम और पूरे देश में मौजूद लाखों फैंस के लिए यह फिल्म किसी भावनात्मक विदाई से कम नहीं है।
19 सितंबर को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान डूबने से जुबीन गर्ग का निधन हो गया था। उनकी अचानक हुई मौत ने पूरे असम को झकझोर दिया था—लोग सड़कों पर उतर आए थे, श्रद्धांजलि सभाएं हुईं और जगह-जगह मोमबत्ती जलाकर उन्हें याद किया गया। फिलहाल इस घटना की जांच जारी है।
असम में ‘रोई-रोई बिनाले’ का क्रेज
जुबीन की आखिरी फिल्म के लिए दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। असम में हर थिएटर के बाहर सुबह चार बजे से ही लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। राज्यभर में फिल्म के सभी शो हाउसफुल चल रहे हैं, और अगले एक हफ्ते तक के लिए एडवांस बुकिंग पूरी तरह फुल हो चुकी है। असम में इस समय ‘रोई-रोई बिनाले’ के अलावा किसी और फिल्म की स्क्रीनिंग नहीं की जा रही है।
800 स्क्रीन पर रिलीज, बना नया रिकॉर्ड
भारतभर में फिल्म को 800 स्क्रीन पर रिलीज किया गया है, जिनमें 30 शहर असम से बाहर के हैं। जानकारों के मुताबिक, शुरुआती रुझानों से संकेत मिल रहा है कि फिल्म 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर सकती है — जो असमिया सिनेमा के लिए ऐतिहासिक साबित होगी।
फिल्म की डिमांड को देखते हुए असम में 8 नई स्क्रीन तैयार की गई हैं। यहां पहले शो की शुरुआत सुबह 5 बजे से हो रही है, जो आधी रात तक चलती है।
जुबीन के नाम पर समर्पित कमाई
राज्य सरकार ने घोषणा की है कि फिल्म से मिलने वाले जीएसटी राजस्व का हिस्सा ‘कलागुरु आर्टिस्ट फाउंडेशन’ को दान किया जाएगा — यह वह संस्था है, जिसे खुद जुबीन गर्ग ने असम के कलाकारों के लिए स्थापित किया था।
फिल्ममेकर्स का भावुक बयान
फिल्म के डायरेक्टर राजेश भुयान ने कहा,
“यह फिल्म सिर्फ जुबीन की नहीं, बल्कि उनके चाहने वालों की है। आज सुबह चार बजे जो भीड़ थियेटर के बाहर दिखी, वह इतिहास है।”
वहीं, प्रोड्यूसर श्मामंतक गौतम ने बताया,
“हर स्क्रीन हाउसफुल है, हमें विदेशों से भी शानदार रिस्पांस मिल रहा है। यह फिल्म अब एक भावना बन चुकी है।”
म्यूजिकल ड्रामा में जुबीन की आवाज अमर
‘रोई-रोई बिनाले’ एक म्यूजिकल ड्रामा फिल्म है, जिसमें जुबीन खुद नजर आते हैं और उनके द्वारा गाए गए ओरिजिनल गीत शामिल हैं। उनकी आवाज अब असम की सांस्कृतिक धरोहर बन चुकी है — और यह फिल्म उनके फैंस के लिए एक अंतिम लेकिन अमर तोहफा साबित हो रही है।
Comments are closed.