अमेरिका में काम कर रहे प्रवासी कर्मचारियों, खासकर भारतीयों के लिए बड़ी परेशानी बढ़ गई है।
ट्रंप प्रशासन ने रोजगार प्राधिकरण दस्तावेज़ (EAD) यानी वर्क परमिट की अधिकतम वैधता 5 साल से घटाकर केवल 18 महीने कर दी है। यह नियम तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है और नई व लंबित दोनों तरह की अर्जियों पर लागू होगा।
अब हर नवीनीकरण से पहले होगी नई सुरक्षा जांच
अब प्रवासियों को हर बार वर्क परमिट बढ़ाने से पहले ताज़ा सुरक्षा जांच और वेरिफिकेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा। पहले की तरह आवेदन लंबित रहते हुए काम जारी रखने वाली राहत अब नहीं मिलेगी।
भारतीयों पर सबसे ज्यादा असर
इस बदलाव का सबसे अधिक असर उन हजारों भारतीय पेशेवरों और उनके परिवारों पर पड़ेगा जो पहले से ही ग्रीन कार्ड की लंबी प्रतीक्षा सूची में फंसे हैं। लंबे समय की नौकरी बनाए रखने के लिए वे EAD और एडवांस पैरोल जैसे दस्तावेजों पर निर्भर रहते हैं।
भारतीय समुदाय अमेरिका में रोजगार-आधारित वीज़ा का सबसे बड़ा लाभार्थी है, इसलिए यह फैसला उनके लिए चिंता और बढ़ा सकता है।
सुरक्षा कारणों का हवाला
यूएससीआईएस के निदेशक जोसेफ एडलो ने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से EAD हासिल करने वालों की नियमित जांच जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार के दौरान सुरक्षा चूक के उदाहरण सामने आए थे, जिससे यह कदम उठाना पड़ा।
बाइडन ने बढ़ाई थी वैधता, ट्रंप ने घटाई
बाइडन प्रशासन ने 2023 में वर्क परमिट की वैधता 2 साल से बढ़ाकर 5 साल की थी ताकि सिस्टम पर दबाव कम हो। लेकिन ट्रंप प्रशासन ने इसे वापस घटाकर 18 महीने कर दिया है।
किन-किन पर असर?
नई नीति इन श्रेणियों को प्रभावित करेगी:
ग्रीन कार्ड आवेदनकर्ता
H-1B व अन्य रोजगार-आधारित गैर-आप्रवासी
शरणार्थी व शरण मांगने वाले
TPS धारक और कुछ अन्य विशेष श्रेणियां
विशेषज्ञों की चेतावनी
शरण नीति विशेषज्ञों का कहना है कि पहले ही वर्क परमिट की मंजूरी में महीनों लग जाते हैं। नई समयसीमा के कारण बड़ी संख्या में प्रवासी कर्मचारियों के सामने वर्क परमिट खत्म होने और समय पर नवीनीकरण न हो पाने का खतरा बढ़ जाएगा। इससे उनके रोजगार और परिवार की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
महत्वपूर्ण आंकड़े
18 महीने: नई अधिकतम वर्क परमिट वैधता (तुरंत प्रभाव से)
12 महीने: कुछ श्रेणियों में नई वैधता (22 जुलाई 2026 से)
$550: शुरुआती आवेदन शुल्क
$275: नवीनीकरण शुल्क
4.34 लाख: लंबित शरण चाहने वालों के EAD आवेदन
24,000: स्वीकृत शरणार्थियों के लंबित आवेदन
12,000+: अन्य श्रेणियों के लंबित आवेदन
Comments are closed.