सुसाइड नोट में लिखा—‘यू आर इंडियन, आई एम कोरियन’: तीन बहनों की मौत ने खोले कई राज

3

गाजियाबाद में सामूहिक आत्महत्या करने वाली तीनों बहनों के सुसाइड नोट ने उनके मानसिक तनाव, जटिल पारिवारिक हालात और कोरियन संस्कृति के प्रति अत्यधिक लगाव को उजागर किया है।

नोट के अनुसार, तीनों ने अपने रहन-सहन, पहनावे, हेयर-स्टाइल और पहचान तक को कोरियन संस्कृति से जोड़ लिया था। उन्होंने अपने नाम भी बदलकर मारिया, एलिजा और सिंडी रख लिए थे।

छोटी बहन को लेकर बढ़ा टकराव

सुसाइड नोट में लिखा है कि तीनों बहनें अपनी सबसे छोटी बहन देव्यांशी उर्फ देवु को भी अपने जैसा बनाना चाहती थीं। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था और उन्हें डांट-फटकार व मार भी पड़ती थी। घर में रहने वाली मासी टीना को वे “टीना मम्मी” कहती थीं, जिसका उल्लेख नोट में किया गया है।

के-पॉप और विदेशी कंटेंट के प्रति अत्यधिक लगाव

नोट के मुताबिक, तीनों बहनें कोरियन स्टार्स—खासतौर पर के-पॉप—से भावनात्मक रूप से गहराई से जुड़ चुकी थीं। इसके अलावा वे कोरियन, चीनी, थाई और जापानी फिल्मों, ड्रामा और संगीत के साथ-साथ विदेशी गेम्स और कार्टून भी लगातार देखती थीं। परिवार का आरोप है कि अत्यधिक मोबाइल उपयोग के चलते उनका सामाजिक दायरा सिमटता गया।

रिश्तों में दूरी और मानसिक दबाव

नोट में बहनों ने लिखा है कि छोटी बहन को लेकर मतभेदों ने रिश्तों में दूरी बढ़ा दी थी। उन्होंने यह भी कहा कि लगातार तनाव और पारिवारिक टकराव से वे मानसिक रूप से टूट चुकी थीं। दीवारों पर लिखे वाक्य, स्केच और चित्र उनके अवसाद और अकेलेपन की ओर इशारा करते हैं।

पारिवारिक पृष्ठभूमि

पुलिस के अनुसार, चेतन कुमार की पहली शादी सुजाता से हुई थी और बाद में उन्होंने सगी साली हिना से दूसरी शादी की। दोनों पत्नियों से कुल पांच बच्चे हुए। सीमित संसाधनों और जटिल पारिवारिक परिस्थितियों के चलते बच्चों की शिक्षा और भावनात्मक देखभाल प्रभावित रही। जांच से जुड़े अधिकारी मानते हैं कि पारिवारिक उपेक्षा और मोबाइल की लत ने बच्चियों की मानसिक स्थिति पर असर डाला।

‘यू आर इंडियन, आई एम कोरियन’

परिजनों के मुताबिक, पिता जब समझाने या भविष्य को लेकर बात करते थे, तो बहनें कहती थीं—“यू आर इंडियन, आई एम कोरियन।” वे शादी से डर जताती थीं और खुद को भारतीय समाज से अलग मानने लगी थीं।

जांच जारी

पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू की जांच की जा रही है। अधिकारी फिलहाल किसी नतीजे पर पहुंचे बिना तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं।

Comments are closed.