उत्तर भारत में बदला मौसम का मिज़ाज, दिन में गर्मी तो सुबह-रात ठंड का असर
उत्तर भारत में मौसम ने करवट ले ली है। दिल्ली-एनसीआर में दोपहर के वक्त गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है, हालात ऐसे हैं कि लोगों को दिन में गर्म कपड़े उतारने पड़ रहे हैं। ऐसा लगने लगा है मानो सर्दी विदा हो चुकी हो और गर्मी ने दस्तक दे दी हो, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का एहसास अब भी बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। 8 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आईएमडी का कहना है कि 13 फरवरी तक अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
रविवार को दिल्ली में मौसम साफ रहने की संभावना है और दिन में अच्छी धूप निकल सकती है। हालांकि, मौसम विभाग ने बताया है कि सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
सुबह के वक्त दिल्ली के कई इलाकों में धुंध देखी गई, लेकिन धीरे-धीरे यह छंटती नजर आई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है और इस दौरान तापमान लगातार बढ़ता रहेगा।
लगातार बढ़ रहा अधिकतम तापमान
शनिवार को दिल्ली में मौसम अपेक्षाकृत गर्म रहा। अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग दो डिग्री ऊपर है।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार—
लोधी रोड: अधिकतम 25.2°C (सामान्य से 3.2°C ज्यादा)
सफदरजंग और आयानगर: 25.1°C
रिज: 25.0°C
पालम: 23.2°C
न्यूनतम तापमान की बात करें तो—
सफदरजंग: 11.8°C
लोधी रोड: 10.6°C
पालम और आयानगर: 10°C
रिज: 11.4°C
यूपी में कोहरा, कश्मीर में बर्फबारी के आसार
दिल्ली में मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हाल की हल्की बारिश के बाद मौसम साफ होने लगा है। हालांकि, तराई क्षेत्रों में घना कोहरा दृश्यता को प्रभावित कर सकता है। अगले 24 घंटों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट भी संभव है।
वहीं, कश्मीर में 9 फरवरी की रात से ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 10 फरवरी को कई इलाकों में तेज हवाओं, बिजली और बारिश के साथ बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।
Comments are closed.