तोशाखाना मामले में बड़ा फैसला, इमरान खान-बुशरा बीबी को 17 साल कैद और भारी जुर्माना

2

तोशाखाना-2 केस में इमरान खान और बुशरा बीबी को 17-17 साल की सजा, करोड़ों का जुर्माना

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को अदालत ने तोशाखाना-2 भ्रष्टाचार मामले में दोषी ठहराते हुए 17-17 साल की सजा सुनाई है। अदालत ने दोनों पर करोड़ों रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह मामला विदेशी सरकारों से मिले महंगे तोहफों को नियमों के खिलाफ बेचने से जुड़ा है।

क्या है मामला?

रावलपिंडी की हाई-सिक्योरिटी अदियाला जेल में स्थित विशेष अदालत ने शनिवार को यह फैसला सुनाया। विशेष जज शाहरुख अरजुमंद ने इमरान खान और बुशरा बीबी को कुल 17 साल की सजा दी।

अदालत ने दोनों को

  • पाकिस्तानी दंड संहिता की धारा 409 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत 10 साल, और
  • भ्रष्टाचार निरोधक कानून की अलग-अलग धाराओं के तहत 7 साल की सजा सुनाई।

इसके अलावा, दोनों पर 1 करोड़ 64 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया गया है। अदालत ने सजा सुनाते वक्त उम्र और महिला होने जैसे पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सीमित नरमी बरतने की बात भी कही।

तोशाखाना-2 केस की पूरी कहानी

यह मामला साल 2021 में सऊदी अरब सरकार से मिले महंगे तोहफों से जुड़ा है। आरोप है कि इनमें कीमती घड़ियां, हीरे और सोने के गहनों के सेट शामिल थे, जिन्हें तय नियमों के मुताबिक तोशाखाना में जमा नहीं किया गया।

सरकारी पक्ष का दावा है कि इन तोहफों की असल कीमत करीब 7 करोड़ रुपये थी, लेकिन उनका मूल्यांकन केवल 58–59 लाख रुपये दिखाया गया। आरोप है कि इमरान खान और बुशरा बीबी ने इन्हें बेहद कम कीमत पर खरीदने की प्रक्रिया अपनाई।

तोशाखाना कैबिनेट डिवीजन के तहत आने वाला विभाग है, जहां विदेशी नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों से मिले तोहफे जमा किए जाते हैं और तय नियमों के तहत बाद में इन्हें खरीदा जा सकता है।

कोर्ट की कार्यवाही और आगे क्या?

इस मामले में 21 गवाहों ने अदालत में बयान दर्ज कराए। फैसले के वक्त इमरान खान और बुशरा बीबी दोनों अदालत में मौजूद थे। इमरान खान ने आरोपों को राजनीतिक साजिश बताते हुए खारिज किया।

इससे पहले अक्टूबर 2024 में बुशरा बीबी और नवंबर 2024 में इमरान खान को इस केस में जमानत मिली थी, हालांकि दोनों पहले से ही अल-कादिर ट्रस्ट केस में सजा काट रहे हैं।

दोनों दोषी इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील कर सकते हैं। इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं और पिछले एक महीने से उनसे मुलाकात पर रोक लगी हुई है। उनकी जेल की स्थिति को लेकर संयुक्त राष्ट्र ने भी चिंता जताई है।

Comments are closed.