मौसम लेगा यू-टर्न: आज से कई राज्यों में ठंड और बर्फबारी का अलर्ट

2

उत्तर भारत में मौसम आज से एक बार फिर करवट ले सकता है।

पहाड़ी इलाकों में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानी राज्यों तक देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक आज से पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित कर रहा है, जिससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना है.

वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में सुबह के समय कोहरा छा सकता है. मौसम वैज्ञानिक डॉ. शशिकांत मिश्रा के अनुसार, उत्तर भारत में फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य से 2–3 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है, लेकिन अगले चार दिनों में इसके सामान्य होने का अनुमान है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

डॉ. मिश्रा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ ओमान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है. इसके प्रभाव से 9 से 11 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों—जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड—में छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. हालांकि, देश के अन्य हिस्सों में अगले सात दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है.

तापमान में उतार-चढ़ाव का अनुमान

उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है. मध्य भारत में अगले 24 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद चार दिनों तक 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.

इन राज्यों में छा सकता है घना कोहरा

उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान अभी सामान्य से 2–3 डिग्री अधिक बना हुआ है, लेकिन अगले तीन दिनों में इसके सामान्य स्तर पर लौटने का अनुमान है. 9 और 10 फरवरी को उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, बिहार और उत्तराखंड में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जो दोपहर तक छंट जाएगा. इस दौरान शीतलहर चलने की कोई संभावना नहीं है.

दिल्ली का आज का मौसम

दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज हल्की धुंध देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मौसम साफ रहेगा, लेकिन हवा की रफ्तार कम और नमी अधिक होने के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ सकता है, जिससे लोगों को सांस संबंधी दिक्कत हो सकती है.

यूपी में कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का खास असर देखने को नहीं मिलेगा और मौसम सामान्य बना रहेगा. हालांकि, पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और धुंध की संभावना है. राज्य में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि हवाएं 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. वहीं, बिहार में अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है.

Comments are closed.