मेडागास्कर पर गेजानी का प्रहार, कई इलाके प्रभावित; 20 मृत, 33 घायल

3

मेडागास्कर में उष्णकटिबंधीय चक्रवात ‘गेजानी’ के तट से टकराने के बाद व्यापक तबाही की खबर है। सरकारी अधिकारियों के अनुसार अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 33 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

सबसे अधिक असर पूर्वी तटीय शहर टोमासिना में देखा गया, जहां तेज हवाओं और इमारतों के गिरने से कई लोगों की जान गई। राहत एजेंसियों ने बताया कि 15 लोग अब भी लापता हैं और करीब 2,700 से ज्यादा निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

तेज हवाएं और भारी नुकसान

चक्रवात मंगलवार देर रात टोमासिना के पास तट से टकराया। उस समय हवाओं की रफ्तार 195 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक दर्ज की गई। तेज बारिश और तूफानी हवाओं के कारण कई घर ढह गए और संचार व बिजली व्यवस्था बाधित हो गई।

राष्ट्रीय जोखिम एवं आपदा प्रबंधन कार्यालय के मुताबिक, शहर की लगभग 75 प्रतिशत बुनियादी संरचना को नुकसान पहुंचा है। कई बिजली के खंभे उखड़ गए हैं और मंगलवार से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप है।

मौसम विभाग ने बाढ़ और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Comments are closed.